पूर्व मध्य रेलवे ने रचा नया इतिहास, 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ी स्पेशल हाई स्पीड ट्रेन
चंदौली : रेलवे के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है, जब पूर्व मध्य रेलवे (ECR) ने 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से स्पेशल ट्रेन का सफल परीक्षण किया। यह परीक्षण पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर जंक्शन से लेकर प्रधान खाटा जंक्शन तक कुल 412 किलोमीटर लंबे ट्रैक पर किया गया।
इस हाई स्पीड ट्रेन का ट्रायल पूर्व मध्य रेलवे के हाजीपुर जोन के महा प्रबंधक के नेतृत्व में हुआ। यह परीक्षण न केवल रेलवे की तकनीकी क्षमता का प्रमाण है, बल्कि आने वाले समय में यात्रियों के लिए तेज, सुरक्षित और आरामदायक सफर की शुरुआत का संकेत भी है।
ट्रेन की तेज गति को ध्यान में रखते हुए रेलवे द्वारा ट्रैक के दोनों ओर बैरिकेटिंग की जा रही है, जिससे जानवरों और आम लोगों की पटरियों पर अनावश्यक आवाजाही रोकी जा सके। इससे न सिर्फ दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी, बल्कि हाई स्पीड ट्रेनों का संचालन भी अधिक सुरक्षित और सुगम बनेगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस परीक्षण का उद्देश्य भविष्य में हाई स्पीड ट्रेनों को नियमित रूप से चलाने की दिशा में आवश्यक तैयारियों की जांच करना था। ट्रैक की गुणवत्ता, सिग्नलिंग सिस्टम, सेफ्टी इंस्पेक्शन, और अन्य तकनीकी पहलुओं की पूरी तरह से निगरानी की गई।
इस उपलब्धि से यह साफ हो गया है कि पूर्व मध्य रेलवे अब उच्च गति की ट्रेनों के संचालन के लिए पूरी तरह तैयार है। इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद यात्रियों को कम समय में लंबी दूरी तय करने का अवसर मिलेगा, जिससे उनके समय और संसाधनों की बचत होगी।
यह परीक्षण पूर्व मध्य रेलवे की तकनीकी दक्षता और भविष्य की रेलवे योजनाओं को धरातल पर उतारने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के उद्देश्य से रेलवे की यह पहल अत्यंत सराहनीय है।


















