31.62 लाख की हेरोइन के साथ शातिर तस्कर गिरफ्तार, बलुआ पुलिस व ANTF की संयुक्त कार्रवाई

27

31.62 लाख की हेरोइन के साथ शातिर तस्कर गिरफ्तार, बलुआ पुलिस व ANTF की संयुक्त कार्रवाई

चंदौली : जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बलुआ पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) वाराणसी की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने 253 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 31.62 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में मुखबिर की सूचना पर ग्राम टाण्डाकला स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान से करीब 50 मीटर आगे घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान, नायब तहसीलदार दिनेश कुमार शुक्ला की मौजूदगी में आरोपी की हाफ पैंट की कमर में छिपाकर रखी गई काली पॉलिथीन से 253 ग्राम हेरोइन और 1,100 रुपये नकद बरामद हुए।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान जगदीश सिंह (58 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय राजेंद्र सिंह निवासी ग्राम सोनबरसा (टाण्डाकला), थाना बलुआ, जनपद चंदौली के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह कैथी (वाराणसी) से हेरोइन लाकर उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर ग्राहकों को बेचता था तथा मांग के अनुसार तौलकर आपूर्ति करता था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 210/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी वर्ष 2023 और 2025 में एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है, जिससे उसका मादक पदार्थों की तस्करी से पुराना संबंध सामने आया है।

इस संयुक्त कार्रवाई में बलुआ पुलिस के साथ ANTF वाराणसी की टीम भी शामिल रही। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।