मुगलसराय पुलिस ने लूट का किया सफल खुलासा, लूटी गई स्कूटी के साथ एक आरोपी गिरफ्तार
चंदौली : जनपद चन्दौली की थाना मुगलसराय पुलिस को लूट की घटना के खुलासे में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लूट में शामिल एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटी गई स्कूटी बरामद कर ली है। जबकि घटना में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस अधीक्षक चन्दौली के निर्देशन में जिलेभर में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मुगलसराय पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में पुलिस टीम ने यह महत्वपूर्ण सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार, 6 मई 2026 की रात लगभग 8:30 बजे ग्राम डांडी स्थित ‘घरवाला रंगवाला’ दुकान के पास रामपुर निवासी सुहेब अली ने सूचना दी थी कि समीर अहमद उर्फ बाबू और उसके साथियों ने उसके व उसके साथी के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए उनकी स्कूटी लूट ली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना मुगलसराय में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना के अनावरण के लिए पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान 8 मई को थाना मुगलसराय पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी, तभी मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर एम्बीशन स्कूल, डांडी के पास सर्विस लेन में घेराबंदी कर एक संदिग्ध स्कूटी सवार को पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम समीर अहमद उर्फ बाबू, पुत्र नेहालुद्दीन, निवासी ग्राम कटेसर, थाना मुगलसराय, जनपद चन्दौली बताया। पुलिस पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि ब्लेज़र बनाने की प्रतिस्पर्धा को लेकर सुहेब अली से उसका विवाद हुआ था। विवाद के दौरान आवेश में आकर उसने अपने साथी चंदन पासवान के साथ मिलकर मारपीट की और स्कूटी छीनकर फरार हो गया था।
आरोपी के कब्जे से लूटी गई स्कूटी संख्या UP16BP0872 बरामद होने के बाद पुलिस ने मुकदमे में संबंधित धाराओं की वृद्धि करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह, चौकी प्रभारी जलीलपुर अजय कुमार, हेड कांस्टेबल रजनीश कुमार राय और गौरव सिंह शामिल रहे, जिनकी तत्परता से यह सफलता मिली।


















