आस्था, विज्ञान और रोज़गार का संगम, तुलसी विवाह का सामाजिक अर्थशास्त्र

47

आस्था, विज्ञान और रोज़गार का संगम, तुलसी विवाह का सामाजिक अर्थशास्त्र

चंदौली : दीवाली की चमक के बाद जब कार्तिक शुक्ल एकादशी आती है, तो पूरे उत्तर भारत में श्रद्धा और उल्लास का एक नया अध्याय खुल जाता है। यह दिन देवउठनी एकादशी या तुलसी विवाह के नाम से प्रसिद्ध है। मान्यता है कि इसी दिन भगवान विष्णु योगनिद्रा से जागते हैं और शुभ कार्यों पर लगी रोक हट जाती है। इसके बाद ही शादी-ब्याह, गृह प्रवेश, नए व्यापार, दुकान उद्घाटन और अन्य मांगलिक कार्य शुरू किए जाते हैं। लेकिन यह पर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान भर नहीं है, इसके पीछे प्रकृति, स्वास्थ्य, और स्थानीय अर्थव्यवस्था तीनों की गहरी जीवनदृष्टि छिपी है।

स्थानीय अर्थव्यवस्था में तुलसी विवाह का योगदान

डैडीज इंटरनेशनल स्कूल के संस्थापक और एल.टी.पी. कैलकुलेटर के आविष्कारक डॉ. विनय प्रकाश तिवारी बताते हैं कि चंदौली जैसे जिले में यह पर्व आर्थिक गतिविधियों के लिए “नई सांस” का काम करता है। चंदौली का भौगोलिक स्वरूप ही ऐसा है कि यह उत्तर प्रदेश और बिहार की सीमा पर स्थित होने के साथ-साथ वाराणसी जैसे बड़े शहर के समीप है। यानी यह व्यापार और परिवहन का स्वाभाविक मार्ग है।

दीवाली और देवउठनी के बाद यहां के प्रमुख बाजार मुगलसराय (पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर), धीना, सकलडीहा, चहनियां, सदर बाजार, सैदपुर रोड अचानक रौनक से भर जाते हैं। धान की कटाई से किसानों के पास नया धन आता है, जिससे नकदी प्रवाह बढ़ता है। नतीजतन कपड़ों, फर्नीचर, गहनों, मोटरसाइकिलों और घरेलू सामान की बिक्री में उछाल आता है।

ग्रामीण इलाकों में मजदूरी और रोज़गार बढ़ता है, टेंट हाउस, हलवाई, बैंड-बाजा, फूलवाले, दर्जी और ट्रांसपोर्ट सभी को काम मिलता है। एक ही शादी में दर्जनों परिवारों की आजीविका जुड़ जाती है। यानी यह पर्व आस्था के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था का भी इंजन है।

प्रकृति और विज्ञान का मेल

दीवाली के बाद मौसम तेजी से बदलता है। दिन छोटे, रातें लंबी होने लगती हैं। इस मौसम परिवर्तन में शरीर की रोग-प्रतिरोधक क्षमता घटती है। इसी कारण इस एकादशी पर उपवास या हल्का भोजन रखने की परंपरा बनी, जो शरीर को डिटॉक्स कर इम्यून सिस्टम को मजबूत करता है। तुलसी स्वयं औषधीय पौधा है। उसके पत्तों में एंटीबायोटिक, एंटीवायरल और एंटीऑक्सीडेंट गुण होते हैं। सर्दी, खांसी और संक्रमण से यह प्राकृतिक सुरक्षा देती है। इस प्रकार धर्म और विज्ञान यहां एक-दूसरे के पूरक हैं।

बच्चों को क्यों सिखाएं तुलसी विवाह का महत्व?

तुलसी विवाह बच्चों को यह सिखाता है कि भारतीय परंपराएँ केवल पूजा या मन्नत नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति संवेदना और कर्तव्य का प्रतीक हैं। जब कोई बच्चा तुलसी को जल देता है, तो वह अनजाने में जीवन से जुड़ने, कर्तव्य निभाने और करुणा विकसित करने की सीख लेता है।
यह त्यौहार हमारे बच्चों को बताता है कि धर्म, प्रकृति और समाज, तीनों एक-दूसरे के पूरक हैं।

भावनाओं के साथ अर्थव्यवस्था के भी इंजन

देवउठनी एकादशी के बाद शुरू होता है “शादी का सीजन” और यही वह समय है जब अर्थव्यवस्था की धड़कन तेज़ हो जाती है। हलवाई से लेकर डीजे तक, टेंट हाउस से लेकर ज्वेलर्स तक हर क्षेत्र में काम बढ़ जाता है। त्योहार भावनाओं का उत्सव हैं, लेकिन साथ ही ये रोज़गार और व्यापार के सबसे बड़े इंजन भी हैं। यही कारण है कि भारतीय संस्कृति में हर ऋतु, हर पर्व और हर परंपरा आर्थिक व सामाजिक संतुलन बनाए रखने की भूमिका निभाती है।

संस्कारों की जड़ में है संतुलित जीवन का विज्ञान

तुलसी विवाह केवल देवता और पौधे का प्रतीकात्मक मिलन नहीं, बल्कि प्रकृति और मानव जीवन के एकत्व का संदेश है। यह हमें याद दिलाता है कि हमारी संस्कृति प्रकृति से शुरू होकर समाज और अर्थव्यवस्था तक फैलती है। त्योहार लोगों को जोड़ते हैं, परिवारों को जीवित रखते हैं और समाज को गतिशील बनाते हैं।

इसलिए बच्चों को तुलसी विवाह, एकादशी और ऋतु-चक्र का महत्व सिखाना उनके भविष्य की जड़ों को मजबूत करना है। क्योंकि जहाँ आस्था और विज्ञान साथ चलते हैं, वहीं संस्कृति जीवित रहती है।