CM योगी ने दिखाया चंदौली का भविष्य, एक्सप्रेसवे से कोर्ट तक विकास की सौगात
चंदौली : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को चंदौली जिले के दौरे पर पहुंचे। दौरे की शुरुआत उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में पौधरोपण कर की। हरियाली और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने स्वयं वृक्षारोपण किया और प्रदेशवासियों को पर्यावरण से जुड़ने का संदेश दिया।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने कलेक्ट्रेट में जनप्रतिनिधियों एवं जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। साथ ही विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए भी स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।
चंदौली को मिला न्यायिक संरचना का नया तोहफा
प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री ने कई बड़ी घोषणाएं करते हुए कहा,
“चंदौली के विकास को नई उड़ान देने का समय आ गया है। वर्षों पुरानी मांगों को हम साकार रूप दे रहे हैं।” मुख्यमंत्री ने बताया कि जिले में ₹200 करोड़ से अधिक की लागत से इंटीग्रेटेड जिला न्यायालय परिसर का निर्माण कराया जा रहा है, जिसमें एक ही कैंपस में अधिवक्ता चेंबर, सभी स्तर की अदालतें और न्यायिक अधिकारियों के आवासीय परिसर भी होंगे।
योगी सरकार ने खोला विकास का द्वार
मुख्यमंत्री ने चंदौली को लॉजिस्टिक्स और इंफ्रास्ट्रक्चर हब के रूप में विकसित करने की मंशा जाहिर की। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को अब सोनभद्र होते हुए शक्ति नगर तक विस्तारित किया जाएगा। गंगा एक्सप्रेसवे प्रयागराज, मिर्जापुर, भदोही, वाराणसी और चंदौली होते हुए गाजीपुर तक पहुंचेगा, जिससे पूरे पूर्वी यूपी को सीधा फायदा मिलेगा। वाराणसी से कोलकाता तक बनने वाले ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है, जिसका लाभ चंदौली को भी मिलेगा।
नौगढ़ में लैंड बैंक और निवेश को मिलेगा बढ़ावा
इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने बाबा कीनाराम मेडिकल कॉलेज में बाबा कीनाराम जी की प्रतिमा स्थापना को अपनी सहमति दी है। साथ ही, दीनदयाल उपाध्याय नगर में एलिवेटेड ब्रिज के निर्माण के लिए प्रस्ताव मांगे गए हैं। वही चंदौली को औद्योगिक नक्शे पर स्थापित करने के लिए मुख्यमंत्री ने नौगढ़ क्षेत्र में लैंड बैंक विकसित करने और निवेश आकर्षित करने की दिशा में तेज़ी से कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा, “हजारों करोड़ के निवेश से न केवल जिले की अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी, बल्कि युवाओं को रोज़गार के नए अवसर भी प्राप्त होंगे।”
मुख्यमंत्री के इस दौरे से स्पष्ट है कि चंदौली अब केवल कृषि प्रधान नहीं, बल्कि औद्योगिक रूप से भी प्रदेश के सबसे महत्वपूर्ण जिलों में गिना जाएगा।


















