जल निगम की टंकी से सोलर पैनल चोरी का खुलासा, 3 शातिर गिरफ्तार, एक बाल अपचारी हिरासत में
चंदौली : जनपद के थाना धानापुर क्षेत्र में जल निगम की टंकी से सोलर पैनल चोरी की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 10 सोलर पैनल, 4 मोबाइल फोन तथा ₹1800 नकद बरामद किए हैं।
योजनाबद्ध तरीके से हुई थी चोरी
मामला ग्राम तोरवा का है, जहां 11 फरवरी 2026 की रात अज्ञात चोरों ने जल निगम की पानी की टंकी पर लगे 10 सोलर पैनल खोलकर चोरी कर लिए थे। इस संबंध में शुभम कुमार उपाध्याय की तहरीर पर थाना धानापुर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
तकनीकी जांच से पुलिस को मिली सफलता
घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम द्वारा सीसीटीवी फुटेज खंगालने, स्थानीय पूछताछ और सर्विलांस की मदद ली गई। साक्ष्यों के आधार पर 6 अप्रैल को मेढ़वा गांव के पास गंगा नदी किनारे छापेमारी कर तीन अभियुक्तों को दबोच लिया गया।
सस्ते सौदे के लालच में रची साजिश
पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने सोलर पैनलों को सस्ते दाम पर बेचने की योजना बनाई थी। मुख्य आरोपी अजय यादव ने अपने बहनोई प्रमोद यादव को लालच दिया और अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की साजिश रची।
बताया गया कि 10 पैनलों का सौदा ₹80,000 में तय हुआ, जिसमें ₹40,000 एडवांस ऑनलाइन ट्रांसफर किया गया। घटना की रात आरोपियों ने टंकी से पैनल खोलकर उन्हें एक अधनिर्मित मकान में छिपा दिया।
गंगा के रास्ते पार कराने की थी तैयारी
चोरी के बाद आरोपी सोलर पैनलों को गंगा नदी के रास्ते नाव से पार ले जाकर बेचने की फिराक में थे। इसी दौरान पुलिस दबिश के चलते एक आरोपी विशाल यादव मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी की हुई पहचान
गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रमोद यादव (गाजीपुर), अजय यादव (गाजीपुर), रवि यादव (गाजीपुर) व एक बाल अपचारी के रूप में हुई।
फरार आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
धानापुर पुलिस की मुस्तैदी से एक बड़ी चोरी की वारदात का पर्दाफाश हुआ है, जिससे क्षेत्र में अपराधियों में खौफ और आम जनता में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में थाना धानापुर प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन के नेतृत्व में पुलिस टीम एवं सर्विलांस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।


















