यूपी में हाड़ कंपा देने वाली ठंड, कानपुर का तापमान 5 डिग्री सेल्सियस पहुंचा, जानिए प्रदेश में आज कैसा रहेगा मौसम

31

यूपी में हाड़ कंपा देने वाली ठंड, कानपुर का तापमान 5 डिग्री सेल्सियस पहुंचा, जानिए प्रदेश में आज कैसा रहेगा मौसम

लखनऊ : उत्तर प्रदेश ही नहीं अन्य राज्यों में अब हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ने लगी है. यूपी में ठंड के सितम से जनता अपने घरों में कैद होने को मजबूर हो गई है. लखनऊ में कई दिन बाद गुरुवार को धूप निकलने से जनता को बड़ी राहत मिली है. वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में गलन वाली ठंड पड़ रही है. प्रदेश में आने वाले दिनों में किसी तरह की कोई चेतावनी नहीं जारी हुई है. हालांकि, इस अवधि में ठंड और कोहरा का सिलसिला जारी रहने वाला है. तापमान में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है. लखनऊ में न्यूनतम तापमान 7.4℃ दर्ज किया गया है, जबकि अधिकतम तापमान 17.1℃ रहा है.

नए साल की शुरुआत हो चुकी है. 3 जनवरी को प्रदेश में मौसम साफ रह सकता है. हालांकि, इस दौरान देर रात और सुबह के समय कहीं-कहीं पर छिछला से मध्यम कोहरा छाने की संभावना जताई गई है. इस अवधि में शीत लहर और भीषण कोहरे का अलर्ट नहीं जारी हुआ है और न ही प्रदेश में कहीं भी बारिश होने के कोई आसार हैं. 4 और 5 जनवरी को भी मौसम साफ रहने के साथ ही प्रदेश में कहीं-कहीं पर कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है. इस अवधि में भी प्रदेश में किसी तरह की कोई चेतावनी नहीं जारी हुई है.

प्रदेश में तापमान में लगातार गिरावट और बढ़ोतरी जारी है. बीते काफी दिनों से अधिकतम तापमान में अचानक से गिरावट जारी हो गई है. जिसकी वजह से अब दिन के समय भीषण ठंड पड़ने लगी है. साथ ही रात में शरीर कंपाने वाली ठंड का सिलसिला जारी है. गुरुवार को जारी मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक सबसे कम नजीबाबाद में 13℃, बरेली में 13.3℃ और शाहजहांपुर में 13.5℃ अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है, जबकि चुर्क में 4.6℃, फुरसतगंज में 4.9℃, कानपुर शहर में 5℃, अयोध्या में 5.5℃ न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है.