यूपी में मौसम का कहर, कई जिलों में ओलावृष्टि का अलर्ट, फसलों पर संकट

128

यूपी में मौसम का कहर, कई जिलों में ओलावृष्टि का अलर्ट, फसलों पर संकट

यूपी TIMES18 : उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 31 मार्च की सुबह 9 बजे तक (और इसके बाद भी) प्रदेश के पश्चिमी उत्तर प्रदेश, ब्रज क्षेत्र और बुंदेलखंड के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि की प्रबल संभावना जताई गई है। बेमौसम बारिश और ओलों की आशंका ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।

गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के मुताबिक सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर समेत आसपास के इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना अधिक है। इन क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ मौसम खराब रहने के आसार हैं।

प्रशासन ने जारी की सतर्कता और बचाव की सलाह

प्रशासन ने संभावित खतरे को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। खुले स्थानों पर कार्य कर रहे किसानों और राहगीरों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। साथ ही बिजली कड़कने या ओले गिरने के दौरान पेड़ों के नीचे शरण न लेने की हिदायत दी गई है।

गेहूं सहित खड़ी फसलों पर मंडराया संकट

इस समय खेतों में खड़ी गेहूं समेत अन्य फसलें पककर तैयार हैं। ऐसे में ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान हो सकता है, जिससे किसानों को आर्थिक क्षति उठानी पड़ सकती है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।