शहीदगांव से चोरी गई बाइक 48 घंटे में बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार, दो किशोर पुलिस अभिरक्षा में

98

शहीदगांव से चोरी गई बाइक 48 घंटे में बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार, दो किशोर पुलिस अभिरक्षा में

चंदौली : धानापुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शहीदगांव स्थित अमर शहीद इंटर कॉलेज के सामने से चोरी हुई मोटरसाइकिल को बरामद कर लिया। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि चोरी की वारदात में शामिल दो विधि विरुद्ध किशोरों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने बरामद मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को ग्राम शहीदगांव स्थित अमर शहीद इंटर कॉलेज के गेट के सामने से उमेश यादव निवासी छोटी रमरजाय तोरवां, थाना धानापुर की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गई थी। पीड़ित की तहरीर पर 30 जुलाई को थाना धानापुर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस चोरों और चोरी गई बाइक की तलाश में जुट गई।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के दौरान धानापुर पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर शहीद कैप्टन विजय प्रताप सिंह फार्मेसी कॉलेज, आवाजापुर के पास एक संदिग्ध बाइक सवार को रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपना नाम टोनू पासवान (22 वर्ष) निवासी तेनुवट टिकरवापर, थाना सकलडीहा बताया।

पूछताछ में टोनू पासवान ने स्वीकार किया कि उसने चोरी की बाइक होने की जानकारी के बावजूद अपने फुफेरे भाई एवं उसके साथियों से पांच हजार रुपये में खरीदने का सौदा किया था, जिसमें दो हजार रुपये अग्रिम दिए थे। पहचान छिपाने के लिए उसने बाइक की नंबर प्लेट हटाकर फेंक दी थी और पहचान संबंधी चिह्न भी मिटा दिए थे। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर दूसरे आरोपी अनूप राय (19 वर्ष) निवासी मिर्जापुर, थाना धानापुर तथा चोरी में शामिल दो किशोरों को भी अभिरक्षा में ले लिया।

पूछताछ में अनूप राय ने बताया कि 29 जुलाई की दोपहर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर अमर शहीद इंटर कॉलेज, शहीदगांव के सामने से मोटरसाइकिल चोरी की थी। वारदात के दौरान एक किशोर रेकी कर रहा था, जबकि अनूप राय और दूसरा किशोर बाइक लेकर फरार हो गए थे। बाद में सभी लोग सकलडीहा रेलवे स्टेशन के पास टोनू पासवान के घर पहुंचे और उसे बाइक बेच दी।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। मामले में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए सभी आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

इस सफलता में प्रभारी निरीक्षक सूर्य प्रकाश मिश्र के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रमाकांत सिंह, हेड कांस्टेबल सुरेश यादव, हेड कांस्टेबल चंदन सिंह, कांस्टेबल हरिओम द्विवेदी, तेजप्रकाश मौर्य, सुमित गुप्ता एवं देवेंद्र पटेरिया की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।