चंदौली में यातायात नियम तोड़ने वालों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 535 वाहनों का चालान, ₹11.60 लाख का जुर्माना
चंदौली : जनपद में यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रविवार को यातायात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले 535 वाहनों के खिलाफ चालान किया। इस दौरान कुल 11 लाख 60 हजार 500 रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया।
यातायात पुलिस द्वारा नेशनल हाईवे, चंधासी कोयला मंडी सहित जनपद के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान अवैध पार्किंग, ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, नो पार्किंग में खड़े 235 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 02 वाहनों को सीज किया गया। इसके अलावा बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 135 लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई। वहीं प्रेशर हॉर्न का प्रयोग करने वाले 37 वाहनों पर भी जुर्माना लगाया गया।
चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीम ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए अपील की कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें, शराब या अन्य मादक पदार्थों का सेवन कर वाहन न चलाएं तथा सड़क दुर्घटनाओं से बचने के लिए सतर्क रहें।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनपद में यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


















