धूमधाम से मना अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मदिन, विकास पुरुष को किया नमन

13

धूमधाम से मना अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मदिन, विकास पुरुष को किया नमन

चंदौली : अभिषेक नर्सिंग एण्ड पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट, चंदौली में आज देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व० अटल बिहारी वाजपेयी जी का जन्मदिन पूरे उत्साह और सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संस्था के चेयरमैन डा० संजय कुमार द्वारा अटल जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित करने से हुई। इसके पश्चात उपस्थित लोगों के साथ केक काटकर जन्मदिन समारोह मनाया गया।

इस अवसर पर डा० संजय कुमार ने अटल बिहारी वाजपेयी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि अटल जी भारत के दसवें प्रधानमंत्री थे, जिनका कार्यकाल देश के लिए ऐतिहासिक रहा। उन्होंने बताया कि अटल सरकार के समय पाकिस्तान द्वारा कारगिल क्षेत्र में घुसपैठ कर पहाड़ी चोटियों पर कब्जा कर लिया गया था। उस कठिन समय में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सीमा पार न करने की सलाह के बावजूद अटल जी ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए सशक्त और रणनीतिक निर्णय लिए, जिसके परिणामस्वरूप भारतीय सेना ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए कारगिल युद्ध में विजय हासिल की और देश का गौरव बढ़ाया।

डा० संजय कुमार ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक कुशल राजनेता ही नहीं, बल्कि दूरदर्शी विकास पुरुष भी थे। उनके नेतृत्व में देश की आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना की शुरुआत की गई, जिसके अंतर्गत देश के चार प्रमुख महानगरों-कोलकाता, दिल्ली, चेन्नई और मुंबई-को राष्ट्रीय राजमार्गों के माध्यम से जोड़ा गया। इस परियोजना ने न केवल यातायात को सुगम बनाया, बल्कि आर्थिक विकास को भी नई गति दी।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि अटल जी ने दशकों से लंबित कावेरी जल विवाद जैसे जटिल मुद्दे के समाधान में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जो उनकी राजनीतिक सूझबूझ और समन्वय क्षमता को दर्शाता है। कार्यक्रम के अंत में क्रिसमस डे के अवसर पर डा० संजय कुमार ने जनपदवासियों एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए आपसी भाईचारे, शांति और सद्भाव की कामना की।

इस अवसर पर शिवजनम यादव, अमित पंचौरी, रामआशीष यादव, मृत्युंजय चतुर्वेदी, मोनम, नेहा सहित संस्थान के अन्य शिक्षकगण, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने अटल बिहारी वाजपेयी जी के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।