चकिया तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित, 87 शिकायतें आईं, 7 का मौके पर निस्तारण, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
चंदौली : जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से सोमवार को चकिया तहसील सभागार में प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
प्रभारी जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का शीघ्र समाधान करना है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि गरीब, कमजोर एवं पीड़ित लोगों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कोई विभाग बिना ठोस कारण के शिकायतों को लंबित रखता है तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों तक उनका लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की नियमित जांच करने पर भी विशेष जोर दिया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 87 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 7 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। अधिकांश शिकायतें राजस्व (भूमि विवाद), पुलिस, विकास, विद्युत एवं समाज कल्याण विभाग से संबंधित रहीं।
समाधान दिवस के समापन के बाद तहसील परिसर में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष जन-जागरूकता अभियान भी चलाया गया। इस दौरान प्रभारी जिलाधिकारी आर. जगत साई एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने अधिकारियों के साथ तहसील परिसर में फलदार एवं छायादार पौधों का पौधरोपण कर हरियाली का संदेश दिया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. परितोष मिश्रा, उपजिलाधिकारी चकिया, परियोजना निदेशक डीआरडीए, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, थानाध्यक्ष, खंड विकास अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


















