मोबाइल को लेकर बहस के बाद किशोरी ने गंगा में लगाई छलांग, रेस्क्यू अभियान जारी
चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के तीरगांवा पुल पर मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक किशोरी ने गंगा में छलांग लगा दी। प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू कराया। फिलहाल युवती की तलाश जारी है।
नाराज होकर लगा दी गंगा नदी में छलांग
जानकारी के अनुसार, सरौली गांव निवासी 16 वर्षीय नेहा यादव, जो जटाधारी इंटर कॉलेज में कक्षा 11वीं की छात्रा थी, ने घरेलू विवाद से क्षुब्ध होकर यह कदम उठाया। बताया जा रहा है कि नेहा का अपनी चचेरी बहन निधि से मोबाइल देखने को लेकर विवाद हुआ था। बहस के बाद नाराज नेहा साइकिल से तीरगांवा पुल पहुंची और वहां साइकिल खड़ी कर गंगा नदी में छलांग लगा दी।

गोताखोरों की मदत से तलाश जारी
छलांग लगाने का दृश्य देखकर वहां मौजूद लोग सन्न रह गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे मारूफपुर चौकी इंचार्ज अमित सिंह ने प्राइवेट गोताखोरों की मदद से युवती की तलाश शुरू करवाई। देर शाम तक चलाए गए सर्च ऑपरेशन में सफलता नहीं मिल सकी थी।
परिजनों का रो-रोकर हुआ बुरा हाल
नेहा यादव के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। उसका पालन-पोषण उसकी बुआ विनोदा देवी कर रही थीं। वह अपने 10 वर्षीय छोटे भाई राजा यादव के साथ रहती थी। घटना के बाद बुआ और भाई का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस संबंध में बलुआ थानाध्यक्ष डॉ. आशीष मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला पारिवारिक विवाद का है। चचेरी बहन से मोबाइल को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है। गंगा नदी में किशोरी की तलाश के लिए प्रयास लगातार जारी हैं।


















