चंदौली में पारिवारिक विवाद में चली गोलियां, तीन घायल, दो की हालत गंभीर, आरोपी गिरफ्तार

244

चंदौली में पारिवारिक विवाद में चली गोलियां, तीन घायल, दो की हालत गंभीर, आरोपी गिरफ्तार

चंदौली : सदर कोतवाली क्षेत्र के फत्तेपुर कला गांव में मंगलवार दोपहर पारिवारिक विवाद ने उस समय भयावह रूप ले लिया जब पंचायत के दौरान गोली चल गई। इस गोलीकांड में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है, जहां दो की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौके पर तैनात कर दिया गया है। स्थिति को नियंत्रण में बताया जा रहा है।

पंचायत में कहासुनी के बाद भड़की हिंसा

मिली जानकारी के अनुसार, फत्तेपुर कला गांव में पारिवारिक विवाद को लेकर दो पट्टीदार पक्षों के बीच आरोपी मुकेश यादव के घर पर पंचायत चल रही थी। इसी दौरान आपसी कहासुनी और मारपीट शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी मुकेश यादव ने अपने घर से लाइसेंसी पिस्तौल निकाल ली और अंधाधुंध फायरिंग कर दी।

तीन लोग गोली लगने से घायल

फायरिंग में दरोगा यादव, रमेश यादव और अंशु यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। गोलियों की आवाज सुनते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को आनन-फानन में जिला अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया।

चिकित्साधिकारी का बयान

इस बाबत चिकित्साधिकारी डॉ. ममता ने बताया कि तीनों घायलों को अस्पताल लाया गया था, जिनमें से दो को सीने और पेट में गोलियां लगी थीं, जबकि एक युवक के हाथ में गोली लगी है। तीनों को कुल मिलाकर छह राउंड से अधिक गोलियां लगी थीं, जिनमें दो की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।

पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में

इस गंभीर वारदात को लेकर एडिशनल एसपी अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि दोपहर लगभग 2 बजे थाना चंदौली क्षेत्र के ग्राम फत्तेपुर कला से फायरिंग की सूचना प्राप्त हुई। तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आपसी पारिवारिक विवाद में आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से गोली चलाई है। आरोपी को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है। शांति व्यवस्था बहाल है और आगे की विधिक कार्रवाई हेतु तहरीर प्राप्त कर जांच की जा रही है।

स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में

फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को सुरक्षा का भरोसा दिया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और घटना से जुड़े हर पहलु को खंगाला जा रहा है।