चंदौली में अवैध खनन पर प्रशासन का बड़ा प्रहार, छापेमारी से मचा हड़कंप
चंदौली : जनपद के सकलडीहा तहसील क्षेत्र में अवैध खनन की लगातार मिल रही शिकायतों के बीच प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए खनन माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को उप जिलाधिकारी सकलडीहा कुंदन राज कपूर ने औचक निरीक्षण कर अवैध खनन के खिलाफ छापेमारी की, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
यह कार्रवाई धानापुर थाना क्षेत्र के नरौली गांव में की गई, जहां लंबे समय से बिना अनुमति मिट्टी खनन की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम खुद मौके पर पहुंचे और सघन जांच शुरू कराई। निरीक्षण के दौरान खनन कार्य में लगी एक जेसीबी मशीन मौके पर संचालित मिल गई, जिसे प्रशासन ने तत्काल कब्जे में ले लिया।
छापेमारी की खबर फैलते ही मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई लोग जल्दबाजी में मौके से निकलते देखे गए। प्रशासनिक टीम ने मौके पर मौजूद दस्तावेजों और मशीन से जुड़े कागजात की जांच शुरू कर दी है, जिससे पूरे नेटवर्क की परतें खुलने की उम्मीद है।
उप जिलाधिकारी कुंदन राज कपूर ने बताया कि शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई है और पकड़ी गई मशीन से संबंधित परमिशन, लाइसेंस व अन्य दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि जांच में किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस सख्त कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सक्रिय खनन माफियाओं में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


















