मवैया में जल जीवन मिशन की टंकी का औचक निरीक्षण, गुणवत्ता में लापरवाही पर फटकार

146

मवैया में जल जीवन मिशन की टंकी का औचक निरीक्षण, गुणवत्ता में लापरवाही पर फटकार

चंदौली : जनपद के मवैया गांव में बुधवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने जल जीवन मिशन (हर घर नल योजना) के तहत बन रही पानी की टंकी का औचक निरीक्षण कर कार्यों की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में गुणवत्ता संबंधी खामियां मिलने पर उन्होंने कार्यदायी एजेंसी को कड़ी फटकार लगाते हुए जुर्माना लगाने के निर्देश दिए और भविष्य में लापरवाही न बरतने की सख्त चेतावनी दी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गांव की गलियों एवं मुख्य मार्गों का भी जायजा लिया। उन्होंने पाया कि पाइपलाइन बिछाने के लिए कई स्थानों पर सड़कों को खोदकर छोड़ दिया गया है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है।

इस पर उन्होंने संबंधित एजेंसी को तत्काल प्रभाव से सभी सड़कों की मरम्मत कर उन्हें पूर्व स्थिति में लाने के निर्देश दिए और गुणवत्ता से कोई समझौता न करने की बात कही।

जिलाधिकारी ने पानी की गुणवत्ता को लेकर भी गंभीरता दिखाई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि टंकी के आंतरिक हिस्सों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए और समय-समय पर पानी के नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच कराई जाए, ताकि ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।

इस दौरान जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल निगम को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जल जीवन मिशन के तहत चल रहे सभी कार्यों की निगरानी और अधिक सख्ती से की जाए।

उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी समय बिना सूचना के निरीक्षण किया जा सकता है और यदि कागजी रिपोर्ट व जमीनी हकीकत में अंतर पाया गया, तो संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता जल निगम सहित कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे। जिलाधिकारी की इस कार्रवाई से निर्माण एजेंसियों में हड़कंप मच गया है, वहीं ग्रामीणों ने भी सख्त रुख अपनाने पर संतोष जताया है।