कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, सकलडीहा रेलवे क्रॉसिंग के पास से दबोचा गया

166

कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, सकलडीहा रेलवे क्रॉसिंग के पास से दबोचा गया

चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र में कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते दो लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए न केवल मुकदमा दर्ज किया, बल्कि त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा।

पिता-भतीजा गंभीर रूप से घायल

फूलपुर गांव निवासी दिलीप कुमार पुत्र बलिराम राम की तहरीर पर पुलिस ने यह कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि मंगलवार को उनके पिता और भतीजा भोजापुर और गुरेरा के बीच रास्ते से जा रहे थे, तभी फूलपुर निवासी सूरज कुमार पुत्र विश्वनाथ राम ने घात लगाकर दोनों पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। पहले उसने दिलीप के पिता पर सिर और चेहरे पर वार किया, जिससे वे लहूलुहान होकर गिर पड़े। इसके बाद उसके भतीजे रामकिशुन पर भी हमला कर उसे कई गंभीर चोटें पहुंचाईं।

घटना के 24 घंटे भीतर कुल्हाड़ी हमले का आरोपी गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही बलुआ पुलिस हरकत में आ गई। तहरीर के आधार पर थाना बलुआ में मामला दर्ज किया गया। वही पुलिस टीम ने छानबीन के दौरान आरोपी की लोकेशन ट्रेस की और गुरुवार को सकलडीहा रेलवे क्रॉसिंग के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में बलुआ थाना प्रभारी डॉ. आशीष कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक जमीलुद्दीन खान व कांस्टेबल राजेश कुमार सरोज की अहम भूमिका रही।

पुलिस ने आरोपी से पूछताछ कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, इस त्वरित कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों ने पुलिस की सराहना की है।