डैडीज इंटरनेशनल स्कूल से श्रद्धालुओं की एसी बस अयोध्या धाम के लिए रवाना, डॉ. विनय प्रकाश तिवारी बोले- सेवा और संस्कारों की यह यात्रा निरंतर रहेगी जारी

41

डैडीज इंटरनेशनल स्कूल से श्रद्धालुओं की एसी बस अयोध्या धाम के लिए रवाना, डॉ. विनय प्रकाश तिवारी बोले- सेवा और संस्कारों की यह यात्रा निरंतर रहेगी जारी

चंदौली : सामाजिक सरोकार और धार्मिक आस्था के संगम का एक और अध्याय शनिवार को उस समय जुड़ गया, जब जनपद के बिशुनपुरा (कांटा) स्थित डैडीज इंटरनेशनल स्कूल एंड हॉस्टल परिसर से निःशुल्क तीर्थयात्रा सेवा की वातानुकूलित ट्रैवेलर बस तेरहवीं बार अयोध्या धाम के लिए रवाना हुई। विद्यालय की ओर से संचालित इस सेवा योजना के अंतर्गत श्रद्धालुओं को निःशुल्क तीर्थयात्रा कराई जाती है।

बस रवाना होने से पूर्व आयोजित संक्षिप्त कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंध निदेशक डॉ. विनय प्रकाश तिवारी ने कहा कि सेवा और श्रद्धा के मार्ग में बाधाएं आना स्वाभाविक है, लेकिन उनका संकल्प किसी भी चुनौती से बड़ा है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “कोई कितना भी रोके या टोके, अयोध्या धाम की यह पावन यात्रा निरंतर चलती रहेगी। यह केवल यात्रा नहीं, बल्कि समाज और संस्कारों को जोड़ने का एक प्रयास है, जिसे हम हर हाल में जारी रखेंगे।”

गौरतलब है कि डॉ. तिवारी एलटीपी कैलकुलेटर के आविष्कारक तथा शेयर मार्केट व आर्थिक मामलों के विशेषज्ञ भी हैं। उनके निर्देशन में संचालित सीबीएसई बोर्ड से संबद्ध यह विद्यालय इंटरमीडिएट तक संचालित है और समय-समय पर सामाजिक एवं धर्मार्थ गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाता रहा है। इसी क्रम में मासिक निःशुल्क तीर्थयात्रा बस सेवा चलाई जा रही है।

कार्यक्रम के दौरान सर्वश्री बंशीधर तिवारी, रामकवल तिवारी, सत्यप्रकाश तिवारी, गोविंद तिवारी, राहुल पांडेय (मनीष), शिवानंद पांडेय, चंद्रेश पांडेय, रोहित पांडेय, राहुल पांडेय, अश्विनी चौबे, अमित कुमार, सोनल पांडेय, विनय पांडेय, कमलाकांत पांडेय, लोकनाथ तिवारी, बैकुंठ तिवारी, कंचन देवी, बबिता देवी, अभिलाषा, बैकुंठ उपाध्याय, भोला पाल, बीरबल, विनीत दुबे, सुमित वर्मा, अमित शुक्ला, पवन तिवारी, मुन्ना सिंह, पुष्पा गिरि सहित विद्यालय परिवार के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

तीर्थयात्रियों ने बस रवाना होने से पूर्व विद्यालय परिसर का भ्रमण कर वहां उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों और व्यवस्थाओं की सराहना की। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, यह निःशुल्क तीर्थयात्रा बस पूर्व में अयोध्या के अतिरिक्त मथुरा की यात्रा भी कर चुकी है। भविष्य में खजुराहो तथा मैहर देवी धाम (सतना) सहित अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों के लिए भी यात्रा प्रस्तावित है। सामाजिक सेवा और आस्था के इस प्रयास को लेकर क्षेत्र में सकारात्मक चर्चा है। विद्यालय प्रबंधन का दावा है कि यह सेवा आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी।