अभिषेक नर्सिंग संस्थान में दिखा योग का रंग, छात्रों को मिले टैबलेट, गूंजा ‘योग करें, निरोग रहें’ का संदेश
चंदौली : शरीर, मन और आत्मा की एकात्मता के प्रतीक अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अभिषेक नर्सिंग एंड पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट, चंदौली में शनिवार को एक भव्य और प्रेरणादायक योग सत्र का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूरा संस्थान योगमय वातावरण में डूबा रहा। कार्यक्रम की गरिमामयी शुरुआत संस्थान के प्रधानाचार्य द्वारा मुख्य अतिथि डॉ. संजय कुमार का पुष्पगुच्छ व अंगवस्त्र देकर स्वागत के साथ हुई। योग प्रशिक्षक द्वारा छात्रों, शिक्षकों व अन्य स्टाफ सदस्यों को सूर्य नमस्कार, प्राणायाम, भुजंगासन, ताड़ासन, वृक्षासन जैसे महत्वपूर्ण आसनों का अभ्यास कराया गया।
इस दौरान मुख्य अतिथि डॉ. संजय कुमार ने योग के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा, कि “आज पूरी दुनिया योग की शक्ति को पहचान चुकी है। योग न केवल शरीर को निरोग बनाता है, बल्कि मानसिक शांति और भावनात्मक संतुलन भी प्रदान करता है। यह भारत की धरोहर है जिसे अब वैश्विक पहचान मिल चुकी है।” उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता दी और तब से यह दिन स्वास्थ्य, संतुलन और आत्मचिंतन का पर्व बन गया है।
इस अवसर को और अधिक सार्थक बनाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ‘स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना’ के अंतर्गत संस्थान के मेधावी छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किए गए। छात्रों ने इस डिजिटल तोहफे को ज्ञान के नए द्वार खोलने वाला साधन बताया और सरकार के इस कदम की सराहना की।
कार्यक्रम का समापन संस्थान के प्रधानाचार्य द्वारा सभी अतिथियों, शिक्षकों व प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। वही इस मौके पर अमित पचौरी, राम अशील यादव, प्रीति गुप्ता, शिखा सिंह सहित संस्थान के शिक्षक व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
इस आयोजन ने योग को केवल अभ्यास नहीं, बल्कि जीवनशैली का अंग बनाने का संदेश दिया। पूरे परिसर में ‘योग करें, निरोग रहें’ की गूंज सुनाई दी और प्रतिभागियों ने नई ऊर्जा के साथ स्वस्थ भारत की कल्पना को साकार करने का संकल्प लिया।


















