सपा की नीति-नीयत पर सूर्यमुनी तिवारी का करारा प्रहार

234

सपा की नीति-नीयत पर सूर्यमुनी तिवारी का करारा प्रहार

चंदौली : भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सूर्यमुनी तिवारी ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “जब-जब देश की सेना के शौर्य पर प्रश्न उठे हैं और जब-जब सनातन धर्म की मर्यादा को लांघने का दुस्साहस हुआ है, तब-तब यह स्पष्ट हुआ है कि कुछ लोगों की नीति और नीयत दोनों दूषित हैं।”

सूर्यमुनी तिवारी का यह बयान समाजवादी पार्टी के कुछ नेताओं द्वारा दिए गए हालिया विवादास्पद बयानों के संदर्भ में आया है। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव और सांसद वीरेंद्र सिंह को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि, “इनकी टिप्पणियाँ यह दर्शाती हैं कि इन्हें न तो भारत की सेना के बलिदान का सम्मान है और न ही हिन्दू धर्म की गरिमा का बोध।”

उन्होंने आरोप लगाया कि सपा की मानसिकता प्रारंभ से ही हिन्दू विरोधी और राष्ट्रविरोधी रही है। उनके अनुसार, “यह केवल राजनीतिक बयानबाजी नहीं, बल्कि राष्ट्र की आत्मा पर सीधा आघात है। न इनमें राष्ट्रभक्ति की भावना दिखती है, न ही सनातन परंपराओं के प्रति श्रद्धा।”

भाजपा नेता ने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता अब पूरी तरह जागरूक हो चुकी है और आगामी चुनाव में ऐसी विचारधारा और मानसिकता को करारा जवाब देगी। उन्होंने विश्वास जताया कि “उत्तर प्रदेश की वीरभूमि एक बार फिर प्रचंड बहुमत से भाजपा की सरकार बनाएगी। यह केवल सत्ता की नहीं, संस्कृति की विजय होगी। यह केवल चुनाव की नहीं, चेतना की क्रांति होगी।”

तिवारी के इस तीखे प्रहार ने एक बार फिर सियासी माहौल को गरमा दिया है, खासकर जब सेना, सनातन और राष्ट्रवाद को लेकर राजनीतिक बयानबाजी अपने चरम पर है।