बलुआ पुल से गंगा में युवक ने लगाई छलांग, बाइक पर मिला “पूजा” नाम का बेवफाई पत्र, प्रेम प्रसंग की आशंका
चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र स्थित बलुआ पुल पर शुक्रवार की रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक अज्ञात युवक अपनी बाइक पुल पर खड़ी कर गंगा नदी में छलांग लगा दी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। युवक का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस मामले को प्रेम प्रसंग से जोड़कर जांच कर रही है।
राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शुक्रवार की देर रात एक युवक अपनी दोपहिया वाहन लेकर बलुआ पुल पर पहुंचा। उसने बाइक को पुल किनारे खड़ा किया और अपनी जेब से पर्स निकालकर बाइक पर रख दिया। इसके बाद युवक अचानक पुल की रेलिंग पार कर गंगा नदी में छलांग लगा दी। पीछे से आ रहे राहगीरों ने जब यह दृश्य देखा तो उनके होश उड़ गए। लोगों ने तत्काल शोर मचाया और घटना की सूचना बलुआ पुलिस को दी।
गोताखोरों संग रातभर चला युवक की तलाश अभियान
सूचना मिलते ही बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल स्थानीय गोताखोरों और नाव की सहायता से गंगा नदी में युवक की तलाश शुरू कराई। देर रात तक चले खोज अभियान के बावजूद युवक का कोई पता नहीं चल सका।
बाइक और पर्स कब्जे में लेकर जांच में जुटी पुलिस
मौके से पुलिस ने युवक की बाइक और पर्स को कब्जे में ले लिया है। पर्स की तलाशी के दौरान एक पत्र बरामद हुआ, जिसमें “पूजा” नाम का उल्लेख किया गया है। पत्र की भाषा से मामला प्रेम संबंध और बेवफाई से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। इसी आधार पर पुलिस प्रेम प्रसंग के एंगल से जांच आगे बढ़ा रही है।
वाहन नंबर से युवक की पहचान में जुटी बलुआ पुलिस
बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि बाइक के नंबर के आधार पर युवक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। बरामद पत्र की भी जांच की जा रही है। फिलहाल युवक की तलाश जारी है और मामले के सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है।
बलुआ पुल की घटना से इलाके में मचा हड़कंप
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। देर रात तक पुल पर लोगों की भीड़ लगी रही और हर कोई इस घटना को लेकर स्तब्ध दिखाई दिया।


















