चंदौली में यातायात नियम तोड़ने वालों पर पुलिस का शिकंजा, 178 वाहनों का चालान, 6.07 लाख का जुर्माना
चंदौली : जनपद में यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रविवार को यातायात पुलिस ने चंधासी कोयला मंडी समेत जिले के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 178 वाहनों के विरुद्ध चालान करते हुए 6 लाख 7 हजार रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया।
अभियान के दौरान चंधासी कोयला मंडी क्षेत्र में अवैध रूप से सड़क किनारे खड़े वाहनों के खिलाफ विशेष कार्रवाई की गई। यहां 147 वाहनों का चालान कर 3 लाख 61 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध पार्किंग करने वालों में हड़कंप मच गया।
इसके अलावा गंभीर नियम उल्लंघन करने वाले 15 वाहनों को सीज करते हुए 1 लाख 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले 3 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 6 हजार रुपये तथा प्रेशर हार्न का इस्तेमाल करने वाले 13 वाहनों से 1 लाख 30 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
पुलिस विभाग के अनुसार, पिछले तीन दिनों में कुल 521 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 14 लाख 90 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया जा चुका है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें, अवैध पार्किंग से बचें और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले उपकरणों का प्रयोग न करें, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर बनी रहे।


















