अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, शिनाख्त में जुटी पुलिस

86

अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, शिनाख्त में जुटी पुलिस

चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के मोहरगंज में गुरुवार की देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में एक 25 वर्षीय अज्ञात युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार की देर रात एक अज्ञात युवक मोहरगंज के पास कहीं जा रहा था, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आवश्यक साक्ष्य जुटाए और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। युवक काले रंग की पैंट और हल्के गुलाबी रंग की टी-शर्ट पहने हुए था। उसके पास से किसी प्रकार का पहचान पत्र भी नहीं मिला है।

इस संबंध में थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि युवक की शिनाख्त के लिए आसपास के जनपदों के थानों से संपर्क किया जा रहा है। जल्द ही पहचान होने की उम्मीद है, साथ ही हादसे में शामिल वाहन की तलाश भी जारी है।