लापरवाही पर गिरी गाज, गैंगस्टर के आरोपियों की गिरफ्तारी में ढिलाई, SHO चंदौली लाइन हाजिर
चंदौली : जनपद में कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बड़ी कार्रवाई की है। पेशेवर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में लापरवाही बरतने पर थाना चंदौली के प्रभारी निरीक्षक (SHO) विजय बहादुर सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा की गई जांच में सामने आया कि थाना चंदौली में पंजीकृत गैंगस्टर एक्ट (संख्या 104/26) के तहत वांछित अभियुक्तों की समय से गिरफ्तारी नहीं की गई। इसका फायदा उठाते हुए आरोपियों ने न्यायालय से अरेस्ट स्टे प्राप्त कर लिया, जिससे कार्रवाई प्रभावित हुई।
मामले में वादी ने प्रार्थनापत्र देकर अवगत कराया था कि शुभम सिंह एवं उसके संगठित गिरोह द्वारा पूर्व में जानलेवा हमला किया गया था। इस संबंध में थाना चंदौली में मुकदमा संख्या 349/25 दर्ज है, जिसमें घायल व्यक्ति अभी भी उपचाररत है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित पेशेवर अपराधी हैं। अमन उर्फ शुभम, रिशू उर्फ रितेश, गोलू उर्फ ओमशिवम, शुभम पांडेय एवं सिद्धार्थ सिंह उर्फ आर्यन जैसे आरोपियों पर हत्या के प्रयास, एससी/एसटी एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित कई संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इसके बावजूद उनकी गिरफ्तारी में अपेक्षित सक्रियता नहीं दिखाई गई।
गौरतलब है कि इस संबंध में पुलिस अधीक्षक द्वारा पहले भी सख्त निर्देश दिए गए थे, लेकिन थाना स्तर पर लापरवाही बरती गई। इसे गंभीरता से लेते हुए SHO को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में इस तरह की शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


















