अज्ञात कारणों से लगी आग, आठ बीघा गेहूं की फसल जलकर राख, किसान परिवार पर टूटा संकट

18

अज्ञात कारणों से लगी आग, आठ बीघा गेहूं की फसल जलकर राख, किसान परिवार पर टूटा संकट

चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में मंगलवार को एक बड़ी घटना सामने आई, जहां अज्ञात कारणों से लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और करीब आठ बीघा गेहूं की खड़ी फसल जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई। इस घटना से किसान राधेश्याम यादव और उनका परिवार गहरे सदमे में है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहाड़पुर गांव निवासी किसान राधेश्याम यादव के खेत में अचानक धुआं उठता हुआ दिखाई दिया। आसपास के लोगों के कुछ समझ पाते उससे पहले ही आग ने तेजी से फैलना शुरू कर दिया। तेज हवा के चलते आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते पूरे खेत को अपनी चपेट में ले लिया।

कड़ी मसक्कत के बाद आग पर पाया काबू

घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बाल्टी, पाइप व अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने का भरसक प्रयास करने लगे। काफी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक आठ बीघा गेहूं की फसल पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।

किसान का हुआ आर्थिक नुकसान

इस आग में किसान को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। बताया जा रहा है कि यह फसल ही उनके परिवार की सालभर की आजीविका का मुख्य सहारा थी। फसल जल जाने से परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

पीड़ित किसान ने प्रशासन से लगाई गुहार

घटना के बाद पीड़ित किसान और उनके परिजनों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। उनका कहना है कि यदि सरकार की ओर से आर्थिक सहायता नहीं मिली तो परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो जाएगा।

वहीं, स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर आग लगने के कारणों का पता लगाया जाए और पीड़ित किसान को शीघ्र राहत प्रदान की जाए।