डीएम ने धूरिकोट में कराया गेहूं की क्रॉप कटिंग, 34.29 कुंतल प्रति हेक्टेयर उत्पादन का अनुमान

31

डीएम ने धूरिकोट में कराया गेहूं की क्रॉप कटिंग, 34.29 कुंतल प्रति हेक्टेयर उत्पादन का अनुमान

चंदौली : जनपद में गेहूं उत्पादन के आकलन के लिए जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने मंगलवार को सदर तहसील के राजस्व ग्राम धूरिकोट में क्रॉप कटिंग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं उपस्थित रहकर गेहूं की फसल की कटाई कराई और उत्पादन का आंकलन कराया।

किसानों से बोले- सरकारी क्रय केंद्र पर ही बेचें उपज

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने किसानों से बातचीत करते हुए उन्हें अपनी उपज सरकारी क्रय केंद्रों पर बेचने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का सीधा लाभ मिलेगा और बिचौलियों की भूमिका समाप्त होगी।

क्रॉप कटिंग की प्रक्रिया कराई गई सम्पन्न

क्रॉप कटिंग की प्रक्रिया धूरिकोट निवासी किसान राजेंद्र सिंह के खेत, गाटा संख्या-44 में संपन्न कराई गई। 43.33 वर्ग मीटर के समबाहु त्रिभुज (10x10x10 मीटर) क्षेत्रफल में कटाई के बाद फसल का वजन 14.850 किलोग्राम पाया गया। इस आधार पर प्रति हेक्टेयर 34.29 कुंतल गेहूं उत्पादन का अनुमान लगाया गया।

फसल बीमा के लिए अहम हैं आंकड़े

जिलाधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत किसानों को फसल क्षति का मुआवजा देने के लिए क्रॉप कटिंग के आंकड़े अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। इसलिए इस प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता और सटीकता के साथ कराया जा रहा है।

ये रहे मौजूद

इस मौके पर सदर तहसीलदार चंद्रगुप्त सागर, अपर सांख्यिकीय अधिकारी संदीप पटेल, लेखपाल आदित्य, जिला समन्वयक एसबीआई मनोज कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।