किसान आईडी अभियान में तेजी, डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण, छूटे किसानों का ई-केवाईसी व खतौनी-आधार लिंकिंग जल्द पूरी करने के निर्देश

131

किसान आईडी अभियान में तेजी, डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण, छूटे किसानों का ई-केवाईसी व खतौनी-आधार लिंकिंग जल्द पूरी करने के निर्देश

चंदौली : जनपद में चल रहे फॉर्मर रजिस्ट्री (किसान आईडी) विशेष अभियान को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बुधवार को विकास खंड नियामताबाद के न्याय पंचायत डहिया स्थित प्राथमिक विद्यालय कबीरपुर में चल रहे कैम्प का स्थलीय निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पात्र व छूटे हुए किसानों का ई-केवाईसी एवं भू-अभिलेख सत्यापन (खतौनी-आधार लिंकिंग) समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि इससे किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ मिलने में आसानी होगी, साथ ही किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) व फसल बीमा जैसी योजनाओं के लिए सटीक डाटाबेस तैयार किया जा सकेगा।

डीएम ने अधिकारियों को ग्राम सचिवालयों व पंचायत भवनों का नियमित दौरा कर लंबित एवं त्रुटिपूर्ण मामलों को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसान आईडी बनवाने के लिए किसानों को आधार कार्ड, बैंक पासबुक और खतौनी के साथ जन सेवा केंद्र या कृषि समन्वयक के पास जाना होगा।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि आधार और खतौनी में नाम अलग-अलग है तो उसे तत्काल सही कराया जाए, अन्यथा किसान रजिस्ट्री अमान्य मानी जाएगी। साथ ही खतौनी का आधार से ई-केवाईसी कराना अब अनिवार्य कर दिया गया है, जिससे केवल वास्तविक लाभार्थियों को ही सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं, उप जिलाधिकारी पीडीडीयू नगर अनुपम मिश्रा, डीडी एजी भीमसेन, तहसीलदार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।