चंदौली के बृजनंदनी ग्लोबल एकेडमी में भव्य वार्षिकोत्सव, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी ललित उपाध्याय ने किया बच्चों का उत्साहवर्धन

113

चंदौली के बृजनंदनी ग्लोबल एकेडमी में भव्य वार्षिकोत्सव, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी ललित उपाध्याय ने किया बच्चों का उत्साहवर्धन

चंदौली : बृजनंदनी ग्लोबल एकेडमी में वार्षिकोत्सव ‘विरासत 2026’ एवं वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह ‘उड़ान 2026’ का भव्य आयोजन बड़े ही उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी ललित उपाध्याय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि वाराणसी विकास प्राधिकरण के मानद सदस्य अम्बरीष सिंह भोला एवं अपर जिला पंचायत अधिकारी अमित राज सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

बच्चों ने मंच पर उतारी संस्कृति की आत्मा

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं गणेश वंदना के साथ हुआ। ‘विरासत’ थीम के अंतर्गत बच्चों ने भारत की विविध संस्कृतियों का जीवंत मंचन प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। बनारस की प्रसिद्ध मसाने की होली से शुरुआत करते हुए, पंजाब का भांगड़ा, गुजरात का डांडिया, राजस्थान का घूमर, महाराष्ट्र की लावणी और गोवा की सांस्कृतिक झलकियों ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया। पश्चिम बंगाल की दुर्गा पूजा की प्रस्तुति ने भक्ति भाव का संचार किया, वहीं काशी की सांस्कृतिक विरासत पर आधारित प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

चेयरमैन ने किया सम्मानित

इस दौरान विद्यालय समूह के चेयरमैन बिरजू अग्रहरि द्वारा अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। निदेशक डॉ. अखिलेश अग्रहरि ने विद्यालय की 26 वर्षों की उपलब्धियों को साझा करते हुए संस्थान की प्रगति यात्रा पर प्रकाश डाला।

मुख्य अतिथि ने बढ़ाया हौसला

मुख्य अतिथि ललित उपाध्याय ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में चुनौतियों से घबराने की बजाय उन्हें स्वीकार करना चाहिए। उन्होंने अपने संघर्ष की कहानी साझा कर बच्चों में आत्मविश्वास जगाया।

विशिष्ट अतिथि ने की सराहना

विशिष्ट अतिथि अम्बरीष सिंह भोला ने भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की सराहना करते हुए कहा, “उड़ान पंखों से नहीं, इरादों से होती है।” वहीं अमित राज सिंह ने कहा कि छोटे शहरों के बच्चे भी अब बड़े मंचों पर अपनी पहचान बनाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं हजारों की संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही। इस आयोजन ने सभी के मन में देशभक्ति, संस्कृति और आत्मविश्वास की नई ऊर्जा का संचार किया।