चकिया के दो विद्यालयों में नए कक्षा कक्षों का लोकार्पण, विधायक कैलाश आचार्य बोले- गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
चंदौली : चकिया नगर के वार्ड नंबर-1 स्थित इंदिरा नगर उच्च प्राथमिक विद्यालय एवं प्राथमिक विद्यालय प्रथम में शुक्रवार को नवनिर्मित अतिरिक्त कक्षा कक्षों का लोकार्पण क्षेत्रीय विधायक कैलाश आचार्य ने फीता काटकर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराना केंद्र एवं प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से विद्यालयों में आधुनिक सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है।
उच्च प्राथमिक विद्यालय में बेसिक शिक्षा परिषद के समग्र शिक्षा अभियान 2025-26 के अंतर्गत लगभग 11.51 लाख रुपये की लागत से निर्मित अतिरिक्त कक्षा कक्ष का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में विधायक के साथ नगर पंचायत अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव तथा खंड शिक्षा अधिकारी अजीत पाल भी उपस्थित रहे।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि विद्यालय में निर्मित नया कक्षा कक्ष शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य परिषदीय विद्यालयों में भी कॉन्वेंट विद्यालयों की तर्ज पर गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराना है, जिसके लिए लगातार आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र हिमांशु यादव (कक्षा-6), महेश (कक्षा-7) एवं आकाश (कक्षा-8) ने “स्मार्ट विलेज” विषय पर तैयार अपनी प्रदर्शनी प्रस्तुत की। विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा और नवाचार को देखकर विधायक ने उनकी मुक्तकंठ से सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इसके उपरांत विधायक कैलाश आचार्य ने प्राथमिक विद्यालय प्रथम में लगभग 18 लाख रुपये की लागत से निर्मित दो अतिरिक्त कक्षा कक्षों का भी फीता काटकर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर लोकार्पण किया। इस दौरान प्रधानाध्यापक राजेश पटेल सहित विद्यालय के शिक्षक एवं अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। समारोह में विद्यालयों के विकास एवं छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सभी ने सरकार की शिक्षा संबंधी योजनाओं की सराहना की।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापिका मीना राय, राजेंद्र सोनकर, नरेंद्र यादव, मनीष चौधरी, रेखा रानी, दीनानाथ, वंदना खरवार, अर्चना श्रीवास्तव, विवेकानंद दुबे, अमित तथा विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्यामू सोनकर सहित विद्यालय परिवार एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


















