आईआईटी जम्मू में चयनित शाश्वत का शिक्षकों ने किया भव्य सम्मान
चंदौली : प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान आईआईटी जम्मू में चयनित होने पर शाश्वत कुमार सिंह का उनके आवास पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर चकिया क्षेत्र के शिक्षक प्रतिनिधियों ने माल्यार्पण कर, मिठाई खिलाकर और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देकर उनका अभिनंदन किया।
शाश्वत कुमार सिंह, उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षामित्र संघ के मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र कुमार सिंह तथा प्राथमिक विद्यालय मंगरौर में कार्यरत शिक्षामित्र सरोज सिंह के सुपुत्र हैं। उनके आईआईटी जम्मू में चयन की उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
सम्मान समारोह में उपस्थित शिक्षकों ने कहा कि शाश्वत की यह सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे चकिया क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शाश्वत अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर भविष्य में नई ऊंचाइयों को छूते हुए अपने माता-पिता, समाज और जनपद का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षक प्रतिनिधि नरेंद्र प्रताप सिंह, गंगाधर गोपाल, राजेश यादव, इमरान अली, दीनदयाल सिंह, राजीव कुमार सिंह, नवीन प्रताप सिंह, महेंद्र यादव, विवेक सिंह, सदानंद दुबे, महेंद्र मौर्य, ओम प्रकाश मौर्य सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे। सभी ने शाश्वत को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद प्रदान किया।


















