टप्पेबाज गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार, एक बाल अपचारी पुलिस अभिरक्षा में

45

टप्पेबाज गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार, एक बाल अपचारी पुलिस अभिरक्षा में

चंदौली : जनपद चंदौली की बलुआ पुलिस ने बुजुर्ग महिलाओं को झांसा देकर उनके सोने के आभूषण उतरवाने वाले टप्पेबाज गिरोह का सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से टप्पेबाजी के माल की बिक्री से संबंधित 5,220 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को बलुआ पुलिस टीम चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान सेवई का पूरा के पास धानापुर-चहनिया मार्ग से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अकेले आने-जाने वाली बुजुर्ग महिलाओं को बातचीत में उलझाकर विश्वास में लेते थे और उनके पहने हुए सोने के आभूषण उतरवा लेते थे। बाद में चोरी के इन आभूषणों को कम कीमत पर बेच दिया जाता था।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 26 जुलाई 2026 को चहनिया बाजार में एक बुजुर्ग महिला से सोने के टप्स और लॉकेट लगी मंगलसूत्र तथा 1 अगस्त 2026 को दूसरी बुजुर्ग महिला के दोनों कानों के सोने के टप्स इसी तरीके से ठगी कर ले लिए थे। दोनों घटनाओं में मिले आभूषणों को राहुल ठठेरा उर्फ गोलू को बेच दिया गया था।

गिरफ्तार आरोपी राहुल ठठेरा उर्फ गोलू ने पुलिस को बताया कि वह देवरिया में बर्तन एवं सोने-चांदी के आभूषणों का व्यवसाय करता है। टप्पेबाजी से लाए गए आभूषण वह कम कीमत पर खरीदकर उन्हें गलाकर आगे बेच देता था। पुलिस के अनुसार वह टप्पेबाजी के माल की बची हुई रकम देने आया था, तभी उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में पवन डोम, कनपातर डोम तथा राहुल ठठेरा उर्फ गोलू शामिल हैं, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के विरुद्ध थाना बलुआ में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।