चंदौली में लूट कांड का पर्दाफाश, ड्राइवर ही निकला मास्टरमाइंड, चार गिरफ्तार
चंदौली : जनपद के मुगलसराय थाना क्षेत्र में हुई सनसनीखेज लूट की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए पूरे गिरोह का भंडाफोड़ कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जिनमें सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि लूट की साजिश खुद वाहन चालक ने ही रची थी।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत मुगलसराय पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में 5 अप्रैल को इंडियन इंस्टीट्यूट कॉलोनी स्थित नाचघर मैदान के पास से चारों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 23 हजार रुपये नकद, दो मोबाइल फोन, एक पीली धातु का लॉकेट, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और एक अवैध तलवार बरामद की गई है।
क्या था मामला
बीते 2 अप्रैल को मिर्जापुर जनपद के रहने वाले रविंद्र कुमार और रोहित सिंह ने मुगलसराय थाने में तहरीर दी थी कि वे गोरखपुर के गोला बाजार से धान बेचकर मैजिक वाहन से लौट रहे थे। देर रात करीब एक बजे कुरहना ओवरब्रिज के पास वाहन रोककर पेशाब करने के दौरान तीन अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार के बल पर मारपीट कर उनसे 45 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और सोने का लॉकेट लूट लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल टीमों का गठन कर मामले के खुलासे के निर्देश दिए थे।
ऐसे रची गई साजिश
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि इस पूरी घटना की पटकथा पहले से ही लिखी जा चुकी थी। पिकअप चालक रोहित पटेल ने अपने साथियों के साथ मिलकर यह साजिश रची थी। उसने रास्ते में ही अपने भाई विपिन कुमार सिंह को वादी के पास मौजूद पैसे की जानकारी दे दी।
योजना के तहत कुरहना अंडरपास के पास वाहन रुकवाया गया, जहां पहले से घात लगाए बैठे विपिन, आकाश सिंह और विशाल पटेल मौके पर पहुंचे और मारपीट करते हुए लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना को असली दिखाने के लिए आरोपियों ने चालक रोहित पटेल के साथ भी हल्की मारपीट कर उसका मोबाइल और लॉकेट छीनने का नाटक किया।
बंटवारे के दौरान धरे गए आरोपी
लूट के बाद आरोपी फरार हो गए और आपस में पैसे का बंटवारा कर लिया। कुछ रकम खर्च करने के बाद जब शेष धनराशि के बंटवारे के लिए सभी आरोपी दोबारा इकट्ठा हुए, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त
पुलिस ने विपिन कुमार सिंह (24 वर्ष), रोहित पटेल (21 वर्ष), आकाश सिंह (20 वर्ष) और विशाल पटेल (19 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी मिर्जापुर जनपद के चुनार थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
कानूनी कार्रवाई जारी
इस मामले में पहले से दर्ज मुकदमे में नई धाराएं बढ़ाते हुए पुलिस ने आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस सफल खुलासे में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मिश्रा, स्वाट/सर्विलांस प्रभारी राम जनम यादव समेत पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


















