मंदिरों में चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, घंटे-पूजा का सामान व नकदी बरामद

134

मंदिरों में चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, घंटे-पूजा का सामान व नकदी बरामद

चंदौली : बलुआ थाना पुलिस ने मंदिरों में लगातार चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से छह पीतल के घंटे, दो पीतल के लोटे, एक तांबे का लोटा, तीन पीतल के आरती के दीये तथा चोरी के सामान की बिक्री से प्राप्त 2,900 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में बलुआ पुलिस मंगलवार को क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर अमरीपुर नहर पुलिया के पास से सेवढ़ी मढ़ई निवासी आकाश यादव (22 वर्ष) तथा सोनू कुमार (26 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान दोनों ने मंदिरों से घंटे, पूजा का सामान, मुकुट सहित अन्य धार्मिक सामग्री चोरी करने की बात स्वीकार की।

पुलिस के अनुसार अभियुक्तों ने 1 अगस्त को फूलपुर स्थित हनुमान मंदिर से पीतल की कटोरियां, घंटे, दीपक, लोटे सहित अन्य पूजा सामग्री चोरी की थी। इसके अलावा 2 अगस्त को रामशाला लक्ष्मणगढ़ मंदिर से चांदी का मुकुट तथा 30 और 31 जुलाई को महगांव क्षेत्र के मंदिरों से भी घंटे चोरी करने की बात कबूल की। आरोपियों ने यह भी बताया कि चोरी का अधिकांश सामान राह चलते कबाड़ियों और अन्य लोगों को बेच दिया था तथा प्राप्त धनराशि खर्च कर दी थी।

पूछताछ में दोनों ने शाहबगंज थाना क्षेत्र के बड़ौरा और सेमरा गांव के मंदिरों में भी चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस का कहना है कि बरामद सामान विभिन्न दर्ज मुकदमों से संबंधित है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया। गिरफ्तार आकाश यादव के विरुद्ध पूर्व से आर्म्स एक्ट सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि सोनू कुमार पर भी मंदिर चोरी के कई मामले दर्ज हैं।