राइजिंग सन वर्ल्ड स्कूल के मुख्य द्वार पर स्थापित हुई मां सरस्वती की भव्य प्रतिमा, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ अनावरण
चंदौली : राइजिंग सन वर्ल्ड स्कूल, चकिया में बुधवार को विद्या, बुद्धि एवं कला की अधिष्ठात्री देवी मां सरस्वती की भव्य प्रतिमा विद्यालय के मुख्य द्वार पर विधि-विधान के साथ स्थापित की गई। प्रतिमा स्थापना एवं पूजन समारोह के दौरान पूरा विद्यालय परिसर भक्तिमय और आध्यात्मिक वातावरण से गुंजायमान रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के एमडी, चेयरमैन, डायरेक्टर परवीन रुस्तम, प्रधानाचार्या विभा सिंह तथा उप-प्रधानाचार्य मुकेश कुमार सिंह ने मां सरस्वती की प्रतिमा का अनावरण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजन-अर्चन संपन्न कराया गया। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने भी श्रद्धा एवं आस्था के साथ मां सरस्वती की आराधना करते हुए विद्यालय की निरंतर प्रगति, विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य तथा ज्ञान-विज्ञान के विकास की कामना की।
इस अवसर पर विद्यालय की डायरेक्टर परवीन रुस्तम ने कहा कि मां सरस्वती ज्ञान, बुद्धि, संगीत और कला की अधिष्ठात्री देवी हैं। उनके आशीर्वाद से मनुष्य को सच्चे ज्ञान की प्राप्ति होती है, जो उसे जीवन में सफलता के साथ समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा वह प्रकाश है, जो अज्ञानरूपी अंधकार को दूर कर जीवन को नई दिशा प्रदान करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, संस्कार और नियमित अध्ययन को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
समारोह के समापन पर विद्यालय परिवार ने मां सरस्वती से प्रार्थना की कि उनके आशीर्वाद से विद्यालय शिक्षा, संस्कार और उत्कृष्टता के क्षेत्र में निरंतर नए आयाम स्थापित करता रहे तथा सभी विद्यार्थियों का भविष्य ज्ञान, सफलता और नैतिक मूल्यों से आलोकित हो।


















