डैडीज़ इंटरनेशनल स्कूल में मासिक मैथ्स ओलंपियाड आयोजित, छात्रों की तार्किक क्षमता का हुआ मूल्यांकन

6

डैडीज़ इंटरनेशनल स्कूल में मासिक मैथ्स ओलंपियाड आयोजित, छात्रों की तार्किक क्षमता का हुआ मूल्यांकन

चंदौली : बिशुनपुरा स्थित डैडीज़ इंटरनेशनल स्कूल में विद्यार्थियों की गणितीय समझ, तार्किक क्षमता और समस्या समाधान कौशल को विकसित करने के उद्देश्य से मासिक मैथ्स ओलंपियाड परीक्षा का आयोजन किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने निर्णय लिया है कि अब प्रत्येक माह के अंतिम कार्य दिवस पर स्कूल ओलंपियाड आयोजित किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों का नियमित शैक्षणिक मूल्यांकन हो सके।

परीक्षा में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सामान्य कक्षा परीक्षाओं से अलग इस ओलंपियाड में विद्यार्थियों की लॉजिकल रीजनिंग, कॉन्सेप्ट क्लैरिटी, गति, सटीकता और प्रॉब्लम सॉल्विंग क्षमता को परखा गया। जानकारी के अनुसार विद्यालय की स्थापना डॉ. विनय प्रकाश तिवारी द्वारा की गई है।

विद्यालय के संस्थापक डॉ. विनय प्रकाश तिवारी ने कहा कि उनका उद्देश्य बच्चों को केवल परीक्षा उत्तीर्ण कराना नहीं, बल्कि उन्हें हर चुनौती का आत्मविश्वास के साथ समाधान खोजने योग्य बनाना है। उन्होंने कहा कि मासिक ओलंपियाड से छात्रों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होगी और उनकी वास्तविक शैक्षणिक क्षमता का आकलन करने में भी सहायता मिलेगी।

प्रधानाचार्य डॉ. अजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि नियमित ओलंपियाड से विद्यार्थियों की तैयारी पूरे वर्ष जारी रहेगी। परीक्षा परिणामों का विश्लेषण कर कमजोर विषयों और अध्यायों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

अभिभावकों ने विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों में आत्मविश्वास, निरंतर अध्ययन की आदत और प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुरूप सोच विकसित करने वाला कदम बताया। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि आने वाले समय में गणित के साथ विज्ञान, अंग्रेजी, सामान्य ज्ञान एवं फाइनेंशियल एजुकेशन विषयों के ओलंपियाड भी आयोजित किए जाएंगे।