घटिया नाली निर्माण पर बवाल, प्रधानपति ने रुकवाया काम, जांच का आश्वासन

57

घटिया नाली निर्माण पर बवाल, प्रधानपति ने रुकवाया काम, जांच का आश्वासन

चंदौली : चहनियां कस्बा (खण्डवारी) में चल रहे नाली निर्माण कार्य को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। करीब छह महीने पहले शुरू हुआ यह निर्माण कार्य अब तक अधूरा है और गुणवत्ता को लेकर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों को जर्जर मार्ग और खराब निर्माण के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

मंगलवार को शिकायत मिलने पर प्रधानपति सतीश गुप्ता मौके पर पहुंचे और निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में गंभीर खामियां पाईं। उन्होंने पाया कि नाली का निर्माण मानकों के विपरीत किया जा रहा है। कहीं नाली सड़क के बराबर बना दी गई है, तो कहीं दो फीट नीचे, जिससे जल निकासी की व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है।

प्रधानपति ने तत्काल आपत्ति जताते हुए कार्य को रुकवाने की चेतावनी दी और विभागीय अधिकारियों जेई व एई को फोन कर स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि गुणवत्ता में सुधार नहीं हुआ तो निर्माण कार्य पूरी तरह बंद करा दिया जाएगा।

ज्ञात हो कि चहनियां से पीडीडीयूनगर तक का मार्ग पहले से ही अत्यंत क्षतिग्रस्त था, जिस पर पैदल चलना तक मुश्किल था। पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पाण्डेय के प्रयास से सड़क निर्माण कार्य शुरू हुआ, जिससे लोगों को राहत की उम्मीद जगी। लेकिन खण्डवारी क्षेत्र में अधूरा कार्य और घटिया नाली निर्माण ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि पहले बनी नालियां भी खराब सामग्री के कारण टूटने लगी हैं। हालात यह हैं कि कई जगह लोग खुद ही नाली को ईंट लगाकर ऊंचा करने को मजबूर हैं, जिससे भविष्य में दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।

प्रधानपति सतीश गुप्ता ने कहा कि जनता की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा और दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी। वहीं, विभागीय अधिकारियों ने बुधवार को मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण करने और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।