आईपीएल की तर्ज पर चंदौली में ‘सीसीसीएल’ का आगाज़, फ्लडलाइट में चमक रहीं ग्रामीण प्रतिभाएं

104

आईपीएल की तर्ज पर चंदौली में ‘सीसीसीएल’ का आगाज़, फ्लडलाइट में चमक रहीं ग्रामीण प्रतिभाएं

चंदौली : जनपद में क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक नई और उत्साहजनक पहल के रूप में चंदौली सर्कल क्रिकेट लीग (सीसीसीएल) का भव्य शुभारंभ हुआ। आईपीएल की तर्ज पर आयोजित इस लीग का उद्घाटन सकलडीहा के उप जिलाधिकारी कुंदन राज कपूर ने फीता काटकर किया। उद्घाटन समारोह में खेल प्रेमियों, छात्र-छात्राओं और स्थानीय नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे आयोजन स्थल पर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

मुख्य अतिथि कुंदन राज कपूर ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को पहचान दिलाने का सशक्त मंच प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि गांवों में क्रिकेट के प्रति युवाओं का जुनून और क्षमता किसी से कम नहीं है- जरूरत है तो बस सही अवसर और मार्गदर्शन की, जिससे ये प्रतिभाएं राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकें।

इस लीग का आयोजन निजी शिक्षण संस्थानों के सहयोग से किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य उभरते खिलाड़ियों को मंच देना और उनकी प्रतिभा को निखारना है। सीसीसीएल का यह दूसरा सीजन है, जिसमें पहले सीजन की सफलता को देखते हुए इस बार और भी बेहतर व्यवस्थाएं की गई हैं।

सकलडीहा क्षेत्र के ताजपुर स्थित अंब्रोसिया एकेडमी में आयोजित इस नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता की खास बात है फ्लडलाइट में खेले जा रहे रोमांचक मुकाबले, जो दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। स्थानीय टीमों के खिलाड़ी अपने शानदार प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीत रहे हैं।

यह आयोजन न केवल खेल को बढ़ावा दे रहा है, बल्कि युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास जैसे गुणों का भी विकास कर रहा है। आयोजकों को उम्मीद है कि आने वाले समय में यह लीग और भी बड़े स्तर पर आयोजित होगी और चंदौली का नाम खेल जगत में रोशन करेगी।

इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्य नमन चाइल्ड केयर चैलेंजर्स, डॉ. पी.एन. दुबे, प्रभात सिंह यादव तथा मेजबान अरविंद सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।