नमो घाट एयर शो को लेकर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की हुई समीक्षा, 22, 24 और 25 अक्टूबर को होगा एयर शो, रूट डायवर्जन और पार्किंग की व्यवस्था लागू

171

नमो घाट एयर शो को लेकर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की हुई समीक्षा, 22, 24 और 25 अक्टूबर को होगा एयर शो, रूट डायवर्जन और पार्किंग की व्यवस्था लागू

चंदौली : वाराणसी के नमो घाट पर 22, 24 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित एयर शो को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पड़ाव स्थित एसटीएमआर जयपुरिया स्कूल में डीआईजी वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण, जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की मौजूदगी में अधिकारियों एवं सेक्टर-जोनल मजिस्ट्रेटों की अहम ब्रीफिंग हुई। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, रूट मैप, पार्किंग, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

प्रशासन ने डुमरी, सुजाबाद, कटेसर और बहादुरपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा एवं यातायात के व्यापक इंतजाम किए हैं। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि एयर शो देखने आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए।

राजघाट और सामने घाट पुल से वाराणसी जाने पर प्रतिबंध

निर्धारित तिथियों में सुबह आठ बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक राजघाट पुल और सामने घाट पुल से वाराणसी की ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। मुगलसराय और अलीनगर क्षेत्र के वाहन चालकों से इन पुलों का प्रयोग न करने तथा निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से आवागमन करने की अपील की गई है।

निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े होंगे वाहन

बिहार, चंदौली और अन्य जनपदों से आने वाले चारपहिया वाहन रिंग रोड के रास्ते पंचपेड़वा पहुंचकर निर्धारित मार्ग से पड़ाव क्षेत्र की पार्किंग में जाएंगे। चारपहिया वाहनों के लिए एफसीआई गोदाम, सनबीम स्कूल ग्राउंड और एसआरएन स्कूल के पीछे स्थित मैदान निर्धारित किए गए हैं। वहीं, दोपहिया वाहनों के लिए एम्बिशन, एप्को ऑफिस और एप्को ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। गंगा नदी रिंग रोड पुल के मवई शिवाला अंडरपास से आने वाले दोपहिया वाहन बहादुरपुर रोड स्थित निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़े किए जाएंगे।

पड़ाव क्षेत्र की पार्किंग भरने पर चारपहिया वाहनों को वाराणसी के रामनगर स्थित लंका मैदान पार्किंग की ओर भेजा जाएगा। पुलिस ने वाहन चालकों से सड़क या प्रतिबंधित क्षेत्र में पार्किंग न करने और बैरियर, संकेतकों तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

एयर शो में शामिल नहीं होने वाले बाबतपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर और अन्य जनपदों की ओर जाने वाले वाहन चालकों को एनएच-19 एवं रिंग रोड का उपयोग करने की सलाह दी गई है। साथ ही एंबुलेंस, अग्निशमन और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को निर्बाध रास्ता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया, यातायात प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।