पुट्टी की बोरियों में छिपाकर ले जाई जा रही 710 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद, ट्रक व बोलेरो समेत दो तस्कर गिरफ्तार

38

पुट्टी की बोरियों में छिपाकर ले जाई जा रही 710 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद, ट्रक व बोलेरो समेत दो तस्कर गिरफ्तार

चंदौली : सैयदराजा थाना पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में एनएच-19 पर बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने पुट्टी की बोरियों के पीछे छिपाकर नोएडा से बिहार ले जाई जा रही 710 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। बरामद शराब की कुल मात्रा 6325.92 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.20 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से ट्रक चालक और लोकेशन देने के लिए साथ चल रहे बोलेरो चालक समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली कि एक ट्रक में भारी मात्रा में अवैध शराब भरकर एनएच-19 के रास्ते बिहार ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर सैयदराजा पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने बरठी कमरौर स्थित पेट्रोल पंप के पास चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान पेट्रोल भरवाने के लिए रुके ट्रक संख्या NL01AF3253 को रोका गया।

प्राथमिक जांच में ट्रक में पुट्टी की बोरियां मिलीं, लेकिन गहन तलाशी लेने पर उन्हीं बोरियों के पीछे छिपाकर रखी गई अवैध अंग्रेजी शराब की 710 पेटियां बरामद हुईं। पुलिस ने ट्रक चालक अली बक्श (27) निवासी सहारा, थाना तलझारी जिला दुमका (झारखंड) को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

जांच के दौरान पता चला कि ट्रक के साथ एक महिंद्रा बोलेरो (UP13BD0011) भी चल रही थी, जो ट्रक को रास्ते में लोकेशन देकर पुलिस से बचाने में मदद कर रही थी। पुलिस ने बोलेरो चालक मुरताज अंसारी (40) निवासी चित्रपोका, थाना मोहनपुर जिला देवघर (झारखंड) को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि बरामद शराब में रॉयल स्टेज, इम्पीरियल ब्लू और मैकडॉवेल्स ब्रांड की विभिन्न साइज की बोतलें शामिल हैं। पूरे मामले में सैयदराजा थाने में मुकदमा संख्या 79/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 में केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में जिले में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर और क्षेत्राधिकारी सदर देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल गया प्रसाद, कांस्टेबल शंकर राम और चालक बिरेश यादव शामिल रहे। वहीं स्वाट और सर्विलांस टीम का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव ने किया, जिनकी टीम ने कार्रवाई में अहम भूमिका निभाई।