डॉ. विनय प्रकाश तिवारी ने किया श्रीराम कथा का शुभारंभ, भक्तिमय हुआ माहौल

49

डॉ. विनय प्रकाश तिवारी ने किया श्रीराम कथा का शुभारंभ, भक्तिमय हुआ माहौल

चंदौली : शहाबगंज क्षेत्र के महारथपुर तियरा स्थित श्री हनुमान मंदिर परिसर में नौ दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा का भव्य शुभारंभ शुक्रवार को दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन डैडीज़ इंटरनेशनल स्कूल, बिशुनपुरा कांटा के प्रबंधक डॉ. विनय प्रकाश तिवारी ने दीप प्रज्वलित कर किया तथा क्षेत्रवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।

महारथपुर तियरा स्थित मंदिर परिसर में आयोजित यह श्रीराम कथा 13 मार्च से 21 मार्च 2026 तक चलेगी। प्रतिदिन सायं 6:30 बजे से रात्रि 9:30 बजे तक कथा का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें क्षेत्र सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर भगवान श्रीराम की कथा का रसपान कर रहे हैं।

कथा वाचन के लिए श्रीधाम वृंदावन से आईं कथावाचिका परम पूज्या रश्मि मिश्रा अपने मधुर वाणी और भावपूर्ण प्रवचनों के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों का वर्णन कर रही हैं। उनके भजनों और कथा वाचन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा, जिससे श्रद्धालु भावविभोर हो गए।

कार्यक्रम का आयोजन जय हनुमान श्री रामकथा रघुवर सेवा समिति तियरा (शहाबगंज) द्वारा किया जा रहा है। समिति के सदस्यों ने बताया कि पिछले आठ वर्षों से लगातार इस राम कथा का आयोजन कराया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण को मजबूती मिल रही है।

इस दौरान उपस्थित लोगों ने कहा कि डॉ. विनय प्रकाश तिवारी सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों में सदैव अग्रणी रहते हैं। उनके द्वारा प्रत्येक माह श्रद्धालुओं के लिए अयोध्या धाम की निःशुल्क बस सेवा भी संचालित कराई जाती है, जिससे अनेक लोगों को प्रभु श्रीराम के दर्शन का अवसर मिल रहा है।

कथा के प्रथम दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। दीप प्रज्वलन के साथ प्रारंभ हुई इस राम कथा को लोगों ने क्षेत्र के लिए आध्यात्मिक सौभाग्य बताया और नौ दिनों तक कथा श्रवण करने का संकल्प लिया।