अम्बरीष सिंह भोला के नेतृत्व में हिंदू नववर्ष जनजागरण अभियान, घर-घर बांटे गए भगवा ध्वज
चंदौली : चहनियां कस्बे में हिंदू नववर्ष के स्वागत को लेकर बृहस्पतिवार को एक भव्य सांस्कृतिक जनजागरण अभियान की शुरुआत की गई। वाराणसी विकास प्राधिकरण बोर्ड के मानद सदस्य अम्बरीष सिंह भोला के नेतृत्व में स्थानीय शिव मंदिर से यह अभियान प्रारंभ हुआ। कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों की संख्या में हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने कस्बे का भ्रमण करते हुए लोगों को आगामी हिंदू नववर्ष को उत्साहपूर्वक मनाने का संदेश दिया।
जनजागरण यात्रा के दौरान कार्यकर्ता कस्बे की गलियों और बाजारों में पहुंचे तथा दुकानों और घरों पर जाकर लोगों को भगवा ध्वज और पंपलेट वितरित किए। साथ ही लोगों से अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर भगवा ध्वज फहराने की अपील की गई। इस दौरान वातावरण “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्”, “एक ही नारा, एक ही नाम – जय श्रीराम” और “हिंदू नववर्ष मंगलमय हो” जैसे नारों से गूंजता रहा।
कस्बा भ्रमण के बाद सभी कार्यकर्ता पुनः शिव मंदिर परिसर में एकत्र हुए, जहां एक सभा आयोजित की गई। सभा को संबोधित करते हुए अम्बरीष सिंह भोला ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक परंपराएं केवल आस्था पर आधारित नहीं हैं, बल्कि उनमें गहन वैज्ञानिक दृष्टिकोण भी समाहित है।
उन्होंने बताया कि हिंदू नववर्ष, जिसे चैत्र शुक्ल प्रतिपदा (अगादि) के रूप में मनाया जाता है, प्रकृति और विज्ञान के समन्वय का अद्भुत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि हिंदू नववर्ष भारतीय संस्कृति की पहचान है और इसे पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि इस अवसर पर अपने घरों में भगवा ध्वज फहराकर और धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कर नववर्ष का स्वागत करें।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से हिंदू युवा वाहिनी के जिला अध्यक्ष रामदयाल यादव, उपाध्यक्ष अतुल सिंह रघुवंशी, डॉ. अखिलेश अग्रहरी, राणा प्रताप सिंह, मदन यादव, प्रदीप सिंह, जयदीप चौहान, विवेक सिंह ‘विक्की’, मनीष श्रीवास्तव, राहुल कश्यप, तेज बहादुर शर्मा, दीपक सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।









