चहनियां में स्काउट-गाइड्स की भव्य झांकी, समाज सुधार का दिया संदेश

194

चहनियां में स्काउट-गाइड्स की भव्य झांकी, समाज सुधार का दिया संदेश

चंदौली : चहनियां स्थित माँ खण्डवारी पीजी कॉलेज में आयोजित पांच दिवसीय स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर के तीसरे दिन शनिवार को बी.एड. एवं डी.एल.एड. के स्काउट्स व गाइड्स द्वारा भव्य जागरूकता झांकी निकाली गई। झांकी में सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय चेतना से जुड़े विषयों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने लोगों का मन मोह लिया।

झांकी का शुभारंभ संस्थान परिसर से हुआ। संस्था के प्रबंध निदेशक डॉ. आशुतोष सिंह तथा निदेशक अवनीश सिंह ने हरी झंडी दिखाकर झांकी को रवाना किया। यह झांकी चहनियां चौराहे से होते हुए माँ खण्डवारी देवी मंदिर परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने झांकी का स्वागत किया और स्काउट-गाइड्स के उत्साह की सराहना की।

विभिन्न टोलियों द्वारा प्रस्तुत झांकियों में भारत माता, दुर्गा माता, रानी लक्ष्मीबाई, सरोजिनी नायडू, सावित्रीबाई फुले, राधा-कृष्ण जैसे ऐतिहासिक व धार्मिक चरित्रों का सजीव चित्रण किया गया। इसके साथ ही मतदाता जागरूकता, नारी सम्मान और होली जैसे सामाजिक विषयों पर भी प्रभावशाली संदेश दिए गए। छात्र-छात्राओं ने अपने अभिनय और परिधानों के माध्यम से समाज में व्याप्त कुरीतियों पर प्रहार करते हुए सकारात्मक परिवर्तन का संदेश दिया।

झांकी के समापन अवसर पर डॉ. आशुतोष सिंह कैलाशी ने कहा कि स्काउट-गाइड्स केवल प्रशिक्षण तक सीमित नहीं रहते, बल्कि समाज को जागरूक और सजग बनाने का कार्य भी करते हैं। उन्होंने कहा कि झांकियों के माध्यम से वही दर्शाया जाता है, जो आज समाज में घटित हो रहा है। स्काउट-गाइड समाज को आईना दिखाने का कार्य करते हैं और सुधारात्मक दृष्टिकोण प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. नवनीत तिवारी, स्काउट ट्रेनर सैयद अली, महेंद्र कुमार, महिला ट्रेनर गुंजा दुबे, साक्षी गुप्ता, अंचला भारती, प्रवक्ता अवनीश गुप्ता, डॉ. अमरजीत यादव, राजेश सिंह, डॉ. लवकुश पाण्डेय, डॉ. सीमा सिंह, सुनीता गुप्ता, नितेश मिश्र, प्रकाश पाण्डेय सहित अनेक शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

झांकी के माध्यम से प्रशिक्षण शिविर में शामिल स्काउट्स एवं गाइड्स ने अनुशासन, सेवा और सामाजिक जागरूकता का परिचय देते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया।