अलीनगर में अवैध तेल कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, दो टैंकर व दर्जनभर ड्रम डीजल जब्त, आधा दर्जन आरोपी गिरफ्तार
चंदौली : जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र में अवैध तेल कारोबारियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूरे नेटवर्क को बेनकाब करने की दिशा में अहम कदम उठाया है। एडीजी के निर्देश पर एसओजी वाराणसी की टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त रूप से इंडियन ऑयल डिपो गेट के पास तथा जीटी रोड किनारे संचालित एक अवैध गोदाम पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान तेल टैंकर से अवैध कटिंग करते हुए आधा दर्जन लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, एसओजी और अलीनगर थाना पुलिस ने सादी वर्दी में वार्ड नंबर- 16 क्षेत्र में दबिश दी। काफी समय से यहां तेल टैंकरों से अवैध तरीके से डीजल निकालकर उसे ड्रमों में भरकर ऊंचे दामों पर बेचने की शिकायत मिल रही थी। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर जैसे ही छापा मारा, वहां अफरा-तफरी मच गई। मौके से करीब एक दर्जन ड्रमों में भरा डीजल बरामद किया गया। इसके अलावा डीजल से भरे दो टैंकरों को भी जब्त कर लिया गया।
छापेमारी की भनक लगते ही गोदाम में मौजूद अन्य कथित तेल माफिया अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि फरार आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की जा सके।
पुलिस ने जब्त किए गए डीजल और दोनों टैंकरों को थाने लाकर सील कर दिया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आने की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों की मानें तो जांच के दौरान कुछ सफेदपोश व्यक्तियों की संलिप्तता भी उजागर हो सकती है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है और अवैध तेल कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति है।


















