स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर का भव्य समापन, राष्ट्रसेवा का संकल्प लेकर लौटे छात्र-छात्राएं
चंदौली : चहनियां स्थित मां खण्डवारी महिला महाविद्यालय में सोमवार को बी.एड. एवं डी.एल.एड. के छात्र-छात्राओं के पांच दिवसीय उत्तर प्रदेश भारत स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर का भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य अन्नपूर्णा सिंह के पुत्र सिद्धार्थ सिंह तथा महाविद्यालय के प्रबंधक डॉ. राजेन्द्र प्रताप सिंह ने मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। स्काउट-गाइड के छात्र-छात्राओं ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच अतिथियों का स्वागत किया।
समारोह के दौरान प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत, सरस्वती वंदना, गीत-संगीत, नाटक मंचन एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में अनुशासन, सेवा भावना और राष्ट्रभक्ति की झलक स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक डॉ. आशुतोष कुमार सिंह कैलाशी ने मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि सिद्धार्थ सिंह ने कहा कि स्काउट-गाइड प्रशिक्षण केवल प्रमाणपत्र तक सीमित न रहे, बल्कि इसे जीवन में उतारने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र सेवा सर्वोपरि है और युवाओं को राष्ट्र विरोधी गतिविधियों से दूर रहकर सकारात्मक दिशा में कार्य करना चाहिए।
जिला सचिव स्काउट-गाइड वीरेंद्र सिंह ने स्काउट-गाइड के उद्देश्यों और उसके जीवन में महत्व पर विस्तृत प्रकाश डाला। अध्यक्षता कर रहे प्रबंधक डॉ. राजेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि स्काउट-गाइड व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाता है और आत्मनिर्भर युवा ही राष्ट्र की सशक्त नींव रख सकते हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं से आह्वान किया कि वे आत्मनिर्भर बनकर राष्ट्र और अपने माता-पिता की सेवा करें।
कार्यक्रम में निदेशक अवनीश सिंह, प्राचार्य डॉ. हेमंत कुमार सिंह, डॉ. अश्विनी श्रीवास्तव, डॉ. अशोक सिंह, डॉ. गोरखनाथ, गुंजा दुबे, अचला, साक्षी गुप्ता, डॉ. अमरजीत यादव, डॉ. सीमा सिंह, अवनीश गुप्ता, लवकुश पाण्डेय, सुनीता गुप्ता सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में विभागाध्यक्ष डॉ. नवनीत तिवारी ने धन्यवाद ज्ञापित किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन मुख्य प्रशिक्षक महेंद्र कुमार ने किया। पांच दिवसीय शिविर के सफल आयोजन से छात्र-छात्राओं में सेवा, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास हुआ, जिसकी सराहना उपस्थित अतिथियों ने की।















