मुगलसराय पुलिस की बड़ी कामयाबी, 24 घंटे में ‘हत्या के प्रयास’ का खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

46

मुगलसराय पुलिस की बड़ी कामयाबी, 24 घंटे में ‘हत्या के प्रयास’ का खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

चन्दौली : जनपद चन्दौली के थाना मुगलसराय पुलिस ने हत्या के प्रयास की सनसनीखेज घटना का 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध .32 बोर पिस्टल और घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल (UP67Q7557) भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन पीयूष मोर्डिया एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र श्री वैभव कृष्ण के निर्देशों के अनुपालन में पुलिस अधीक्षक चन्दौली आदित्य लांग्हे के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चन्द्रशेखर (आईपीएस) व क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की।

क्या है पूरा मामला?

घटना 28 फरवरी 2026 की रात की है। थाना मुगलसराय क्षेत्र के मवई कला निवासी राम प्रसाद यादव ने 1 मार्च को थाने में तहरीर दी कि 28 फरवरी की रात सूर्य प्रकाश सिंह उर्फ चुन्नू सिंह और उसके भाईयों सहित अन्य लोगों ने उनके पुत्र सोनू यादव, भांजे राजकुमार यादव उर्फ गोलू तथा उनके साथियों कृष्णा यादव, अक्षय यादव और प्रमोद कुमार यादव पर गोली चलाकर हत्या का प्रयास किया।

घायल सभी व्यक्तियों को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। तहरीर के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 96/2026 धारा 109(1) भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत दर्ज किया गया, जिसमें बाद में 3/25 आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ाई गई।

ऐसे हुई गिरफ्तारी

पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर सोमवार तड़के करीब 4:21 बजे सहजौर ग्राम से पहले भीखपुर रौना रोड अंडरपास के पास से आरोपी सूर्य प्रकाश सिंह (44 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से एक अवैध पिस्टल और बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई।

पूछताछ में क्या बोला आरोपी?

गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि घटना की रात वह अपने ट्यूबेल से घर लौट रहा था। रास्ते में चाय-पान की दुकान पर गाड़ी खड़ी कर पान लेने गया, जहां कुछ लोगों से कहासुनी हो गई। आरोप है कि कहासुनी के बाद मारपीट हुई, जिससे आक्रोशित होकर उसने ट्यूबेल से असलहा लाकर कई राउंड फायरिंग कर दी और बाद में बिहार फरार हो गया।
आपराधिक इतिहास

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। वर्तमान में उसके विरुद्ध हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम

इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह, अपराध निरीक्षक चन्द्रकेश शर्मा, उपनिरीक्षक मुंशी यादव, हेड कांस्टेबल संतोष साह और कांस्टेबल मनीष कुमार यादव शामिल रहे।

मुगलसराय पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भरोसा बढ़ा है। पुलिस का कहना है कि फरार अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश जारी है और शीघ्र ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।