चंदौली में राष्ट्रीय मतदाता दिवस की तैयारियां तेज, 25 जनवरी को ‘माई इंडिया, माई वोट’ थीम पर होंगे कार्यक्रम
चंदौली : जिले में 25 जनवरी को मनाए जाने वाले 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार की अध्यक्षता में तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि इस वर्ष राष्ट्रीय मतदाता दिवस ‘माई इंडिया, माई वोट’ थीम पर मनाया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन जनपद स्तर के साथ-साथ सभी तहसीलों में भी किया जाएगा। इस दौरान नए मतदाताओं को पहचान पत्र वितरित किए जाएंगे, वहीं बेहतर कार्य करने वाले बीएलओ और सुपरवाइजरों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए बच्चों के बीच वाद-विवाद, रंगोली, पोस्टर एवं क्विज प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जो निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित होंगी। इसके साथ ही दिव्यांग बच्चों द्वारा नुक्कड़ नाटक, जागरूकता गीत और कविता पाठ जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया जाएगा।
बैठक में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावलियों के विशेष पुनरीक्षण के दौरान दिव्यांग एवं बेसहारा मतदाताओं के चिन्हीकरण और शत-प्रतिशत पंजीकरण को लेकर गठित समिति की भी समीक्षा की गई। अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में अनिवार्य रूप से जोड़ा जाए।
बैठक में उप जिलाधिकारी सदर दिव्या ओझा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार, जिला दिव्यांगजन अधिकारी राजेश नायक, स्वीप आइकन राकेश रोशन सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


















