आधी रात बम धमाके से दहला चंदौली, किन्नर समाज के घर को उड़ाने की कोशिश, इलाके में मची दहशत, जानें पूरा मामला
चंदौली : जिले में बीती रात एक सनसनीखेज घटना ने कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। बलुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहरगंज पुलिस चौकी के समीप अज्ञात बदमाशों ने किन्नर समाज की खुश्बू किन्नर के आवास को बम से उड़ाने की कोशिश की। यह वारदात उस वक्त हुई, जब घर के भीतर करीब दो दर्जन से अधिक किन्नर गहरी नींद में सो रहे थे। अचानक हुए तेज धमाके से पूरा इलाका दहल उठा और अफरा-तफरी मच गई।
धमाके की चपेट में आकर तीन किन्नर घायल
जानकारी के अनुसार, धमाका घर के पिछले हिस्से में किया गया। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने इलेक्ट्रिक वायर के माध्यम से विस्फोटक लगाकर बम ब्लास्ट किया। धमाके की चपेट में आकर घर में सो रही तीन किन्नर घायल हो गईं। हालांकि राहत की बात यह रही कि सभी को केवल हल्की चोटें आईं, जिनका मौके पर ही प्राथमिक उपचार करा दिया गया।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस
धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग दहशत में अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 के माध्यम से पुलिस को जानकारी दी गई। सूचना पाकर सीओ सकलडीहा स्नेहा तिवारी, एडिशनल एसपी अनंत चंद्रशेखर, बलुआ थानाध्यक्ष अतुल कुमार समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और पूरे इलाके को घेराबंदी कर जांच-पड़ताल शुरू की। फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड और फायर टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने विस्फोट में प्रयुक्त सामग्री और इलेक्ट्रिक वायर कनेक्शन की गहन जांच की।
धमाके से कमरे की दीवार क्षतिग्रस्त
पीड़ित खुश्बू किन्नर ने बताया कि घटना बीती रात करीब 12:30 बजे की है। अचानक घर के पिछले हिस्से के कमरे में जोरदार धमाके के साथ विस्फोट हुआ, जिससे सभी लोग जाग गए। जिस कमरे में धमाका हुआ, वहां तीन लोग सो रहे थे, जबकि वह स्वयं उसी कमरे के ऊपर वाले हिस्से में थीं। धमाके से कमरे की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई और सामान बिखर गया। सभी लोग चीखने-चिल्लाने लगे और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
खुश्बू किन्नर ने लगाई न्याय की गुहार
खुश्बू किन्नर ने चार लोगों के खिलाफ नामजद और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ लिखित तहरीर देकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि पुलिस पर उन्हें पूरा भरोसा है और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी होनी चाहिए। इस घटना की खबर फैलते ही पूरे जनपद में हड़कंप मच गया और धीरे-धीरे किन्नर समाज के लोगों का जमावड़ा भी मौके पर होने लगा। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा बढ़ा दी।
बम धमाके के पीछे पूर्व में विवाद होने की आशंका
वहीं इस मामले में सीओ सकलडीहा स्नेहा तिवारी ने बताया कि थाना बलुआ को डायल 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी, जिस पर तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पाया गया कि खुश्बू किन्नर के घर की बाहरी दीवार क्षतिग्रस्त है। घर के अंदर कई लोग मौजूद थे और घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना बलुआ में नामजद अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि किन्नर समाज और उनके विपक्षियों के बीच पहले से विवाद चला आ रहा था।
पुलिस ने दो नामजद अभियुक्तों को हिरासत में लिया
सीओ ने बताया कि नामजद अभियुक्तों में से दो को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया है। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था सामान्य है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहराई से जांच कर रही है। बहरहाल इस सनसनीखेज वारदात ने न केवल इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है, बल्कि जिले की कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


















