विद्यालयों के समय में परिवर्तन, शीत लहर के चलते जिला प्रशासन का बड़ा फैसला

537

विद्यालयों के समय में परिवर्तन, शीत लहर के चलते जिला प्रशासन का बड़ा फैसला

चंदौली : जनपद में लगातार बढ़ रही शीत लहर और तापमान में भारी गिरावट को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विद्यालयों के समय में तत्काल परिवर्तन का आदेश जारी किया है। जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग के निर्देशानुसार जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी दी।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि कड़ाके की ठंड और शीत लहर के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए आपदा प्रबंधन अधिनियम में निहित प्रावधानों के अंतर्गत यह निर्णय लिया गया है। इसके तहत जनपद चंदौली में संचालित बेसिक शिक्षा परिषद के समस्त विद्यालय, अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालय, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, तथा समस्त बोर्ड के सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों में नर्सरी से कक्षा 08 तक की कक्षाओं के संचालन समय में बदलाव किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार, दिनांक 19.12.2025 से अग्रिम आदेश तक सभी संबंधित विद्यालयों में कक्षाएं प्रातः 10:00 बजे से अपरान्ह 03:00 बजे तक संचालित की जाएंगी। यह निर्णय छोटे बच्चों को अत्यधिक ठंड के दुष्प्रभाव से बचाने और उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है।

प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं प्रधानाचार्य इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।

जिला प्रशासन का यह कदम अभिभावकों और शिक्षकों के लिए राहत भरा माना जा रहा है। ठंड के इस कठिन दौर में समय परिवर्तन से छात्रों को सुरक्षित वातावरण में शिक्षा प्राप्त करने में मदद मिलेगी।