पुलिस झंडा दिवस पर चंदौली में गूँजा गौरव, एएसपी ने फहराया ध्वज, याद किया वीरता का इतिहास
चंदौली : जनपद में रविवार को पुलिस झंडा दिवस पूर्ण सम्मान और परंपरागत गरिमा के साथ मनाया गया। पुलिस अधीक्षक चंदौली आदित्य लांग्हे के निर्देशन में पुलिस लाइन परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) दिगम्बर कुशवाहा ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। ध्वज फहराने के बाद एएसपी ने अधिकारियों व पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस के गौरवशाली इतिहास का स्मरण कराया।
उन्होंने बताया कि 23 नवंबर 1952 को देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू द्वारा उत्तर प्रदेश पुलिस को पहली बार पुलिस ध्वज प्रदान किया गया था। गौरतलब है कि यूपी पुलिस देश की पहली राज्य पुलिस है, जिसे यह सम्मान मिला। उन्होंने कहा कि पुलिस ध्वज सिर्फ एक प्रतीक नहीं, बल्कि विभाग की अनुशासन-परंपरा, वीरता, त्याग और बलिदान की ऐतिहासिक धरोहर है।
एएसपी दिगम्बर कुशवाहा ने अपने संबोधन में कहा कि यह ध्वज पुलिस कर्मियों को हर क्षण कर्तव्यनिष्ठा, सेवा भावना और अनुशासन की प्रेरणा देता है। उन्होंने शहीद पुलिस जवानों के अदम्य साहस, त्याग और लोगों की रक्षा करते हुए दिए गए अमूल्य योगदान को नमन करते हुए कहा कि पुलिस ध्वज की गरिमा बनाये रखना हर पुलिसकर्मी का दायित्व है।
इसके उपरांत उन्होंने पुलिस महानिदेशक के संदेश को पढ़कर सुनाया, जिसमें प्रदेश के सभी पुलिस कर्मियों को ईमानदारी, संवेदनशीलता और निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने तथा ध्वज की प्रतिष्ठा को हर हाल में बनाए रखने की प्रेरणा दी गई थी।
इसी क्रम में जनपद के सभी थानों, पुलिस चौकियों और अन्य इकाइयों में भी पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा ससम्मान पुलिस ध्वज फहराया गया। प्रत्येक स्थान पर पुलिस कर्मियों में गहरी श्रद्धा, उत्साह और विभागीय गौरव स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
पुलिस झंडा दिवस के इस अवसर ने चंदौली पुलिस को एक बार फिर अपने कर्तव्य, सेवा और जनता की सुरक्षा के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करने का अवसर प्रदान किया।


















