लगातार बारिश बनी आफत, गोविंदपुर में दीवार गिरने से मजदूर की मौत

84

लगातार बारिश बनी आफत, गोविंदपुर में दीवार गिरने से मजदूर की मौत

चंदौली : जिले में पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही बारिश अब लोगों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। शहाबगंज थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव में शुक्रवार की देर रात बारिश ने एक गरीब परिवार की खुशियां छीन लीं। गांव के 55 वर्षीय मजदूर मुनीब यादव की करकट वाले कमरे की दीवार गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में एक बकरी की भी जान चली गई।

जानकारी के अनुसार, मुनीब यादव शुक्रवार की रात अपने छोटे से कच्चे कमरे में सो रहे थे। बाहर लगातार बारिश हो रही थी और पानी के दबाव से ईंट की दीवार अचानक भरभराकर गिर पड़ी। हादसा इतना तेज था कि मुनीब कमरे में ही मलबे के नीचे दब गए। जोरदार आवाज सुनकर बगल के घर में सोए परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला। आनन-फानन में ग्रामीण उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इस हादसे से परिवार में कोहराम मच गया। घर की आर्थिक जिम्मेदारी संभालने वाले मुनीब की मौत से परिजनों पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा। मुनीब मेहनत-मजदूरी करके किसी तरह अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। ग्रामीणों का कहना है कि अब परिवार की स्थिति और भी खराब हो जाएगी। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मृतक परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और मुआवजा प्रदान किया जाए।

इधर, सूचना मिलते ही शहाबगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं, गांव के लोग लगातार हो रही बारिश से भयभीत हैं।

गांव के बुजुर्गों का कहना है कि लगातार बारिश ने गरीब तबके के सामने दोहरी मार खड़ी कर दी है। एक ओर फसलें बर्बाद हो रही हैं तो दूसरी ओर कच्चे मकान ढह रहे हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से अपील की है कि पीड़ित परिवार को राहत दिलाने के साथ-साथ गांव के जर्जर मकानों की स्थिति का भी आकलन किया जाए।